BRA Bihar University: स्नातक नामांकन का अपडेट नहीं दे रहे कॉलेज, तीसरी सूची में फंसेगा पेच
BRA Bihar University संबंधित कॉलेजों से प्रतिदिन हुए नामांकन का वेबसाइट के लिए मांगा गया था अपडेट। 11 दिसंबर के बाद जारी की जानी है स्नातक में नामांकन के लिए तीसरी मेधा सूची। विवि को रिक्त सीटों की जानकारी नहीं मिल पा रही है।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। बीआरए बिहार विश्वविद्यालय की ओर से स्नातक में नामांकन के लिए जारी दूसरी मेधा सूची के आधार पर 11 दिसंबर तक नामांकन होना है। इसको लेकर सभी कॉलेजों को निर्देश दिया गया था कि प्रतिदिन शाम में दिनभर हुए नामांकन का अपडेट विवि की वेबसाइट पर उपलब्ध कराना है। कॉलेजों की ओर से ये जानकारी नहीं दी जा रही है। ऐसे में विवि को रिक्त सीटों की जानकारी नहीं मिल पा रही है। 11 दिसंबर के बाद विवि को तीसरी मेधा सूची जारी करनी है। यूएमआइएस को-ऑर्डिनेटर प्रो.ललन झा ने बताया कि कॉलेज लापरवाही बरत रहे हैैं।
प्राचार्य को नोटिस
11 दिसंबर को रात 12 बजे तक जितने कॉलेजों की ओर से नामांकन का आंकड़ा मिलेगा। विवि यह मान लेगा कि शेष सीट भर गई हैं। साथ ही यदि इसके बाद कोई कॉलेज रिक्त सीट की जानकारी देगा तो उस पर विचार नहीं किया जाएगा। संबंधित कॉलेज के प्राचार्य को नोटिस भेजकर स्पष्टीकरण भी पूछा जाएगा कि उनकी ओर से लापरवाही क्यों बरती जा रही है?
पहले चरण के बाद 50 फीसद सीटें खाली
स्नातक में पहली मेधा सूची के आधार पर करीब 50 फीसद नामांकन हुए थे। इसमें लगभग 89 हजार छात्रों को कॉलेज आवंटित किया गया था। कुछ छात्रों ने दूसरे जिले का कॉलेज आवंटित हो जाने पर नामांकन नहीं कराया। इन्हें दूसरी सूची से पहले पोर्टल पर कॉलेज अपडेट करने का मौका दिया गया है। वहीं, दूसरी सूची में करीब 25 हजार विद्यार्थियों को कॉलेज आवंटित किए गए हैं।
तीसरी सूची में नए कॉलेजों का भी होगा विकल्प
बता दें कि बिहार विवि के दो दर्जन नए कॉलेजों को नामांकन की प्रक्रिया शुरू होने के बाद संबद्धता मिली थी। इससे इन कॉलेजों में नामांकन का विकल्प नहीं मिला। तीसरी सूची में इनको भी शामिल किया जाएगा। पहली सूची के बाद नए कॉलेजों में एक भी नामांकन नहीं हो सका। दूसरी सूची में विद्यार्थियों को कॉलेज व अपने ग्रुप का दूसरा विषय चुनने का मौका दिया गया। इससे कुछ छात्रों को नामांकन का मौका मिला है। हालांकि उन्होंने नामांकन लिया या नहीं इसका अपडेट कॉलेजों ने विवि को नहीं दिया है। अब तीसरी सूची में इन कॉलजों की रिक्त सीटें छात्र-छात्राओं को आवंटित की जाएंगी।