दरभंगा में बारातियों से भरी बोलेरो पलटी, सात जख्मी, तीन की हालत नाजुक
Darbhanga Accident News जिले सकतपुर थानाक्षेत्र के सुतहरिया-झंझारपुर मुख्य सड़क पर हुई दुर्घटना। शराब के नशे में धुत्त था चालक वाहन पर नियंत्रण खोने के बाद भाग निकला था मौके से। गाड़ी पलट जाने के कारण उसपर सवार सात लोग जख्मी हो गए।
दरभंगा, जेएनएन। जिले सकतपुर थानाक्षेत्र के सुतहरिया-झंझारपुर मुख्य सड़क पर बुधवार की देर रात बारातियों को लेकर जा रही एक बोलेरो जीप अनियंत्रित होकर पलट गई। गाड़ी पलट जाने के कारण उसपर सवार सात लोग जख्मी हो गए। घायलों में से तीन लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। तीनों को दरभंगा ले जाया गया है। बताया गया है कि दरभंगा जिले के तारडीह प्रखंड से सटे मधुबनी जिला के गुणाकरपुर निर्मला से एक बारात बहेड़ी जा रही थी। बोलेरो जीप पर बाराती सवार थे। इसी बीच सुतहरिया पुल के पास अनियंत्रित होकर गाड़ी सड़क से नीचे गड्ढे में पलट गई। घटना के अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों ने दौड़कर लोगों को जीप से निकाला। इस दौरान पता चला कि बोलेरो के चालक ने शराब पी रखी थी। नशा ज्यादा चढ़ जाने के कारण हादसा हुआ।
इस दुर्घटना में प्रखंड के देवना गांव निवासी रामचंद्र यादव के 35 वर्षीय दामाद रामउदगार यादव के अलावा 26 वर्षीय मनीष कुमार एवं गुणाकरपुर के ही वीडियोग्राफर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। तीनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए इलाज के लिए दरभंगा ले जाया गया है। जबकि शेष घायलों का इलाज स्थानीय स्तर पर चल रहा है। हादसे की बाबत गाड़ी में बैठे अरविंद कुमार ने बताया कि चालक ने अत्यधिक शराब पी रखी थी। अचानक से उसने गाड़ी पर अपना नियंत्रण खो दिया।
गाड़ी को नियंत्रित करने में विफल होने के बाद चालक गेट खोल कर कूद गया। इसके बाद गाड़ी सड़क से नीचे की ओर लुढ़क गई। गाड़ी के परखचे निकल गए। घटना की सूचना पर पहुंची सकतपुर थाना पुलिस ने घटनास्थल पर चौकीदार की नियुक्ति कर दी है। हादसे के कारणों की जांच चल रही है। पुलिस चालक की खोज कर रही है। पुलिस का कहना है कि चालक के पकड़े जाने के बाद उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।