मुजफ्फरपुर के सरैया में पैसों को ले बवाल, पिता-पुत्र को बोलेरो ने रौंदा Muzaffarpur News
बखरा इमली चौक पर बैंड बजानेवाले से बकाया राशि वसूलने पहुंचे थे मड़वन प्रखंड की मोहम्मदपुर सूबे पंचायत के मुखिया पति। बवाल के दौरान पिता-पुत्र आए वाहन की चपेट में।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। सरैया थानाक्षेत्र के बखरा इमली चौक पर रविवार को बकाया वसूलने को लेकर हुए बवाल में तेज रफ्तार बोलेरो दो लोगों को रौंदते हुए निकल गई। घटना में गंभीर रूप से जख्मी दोनों की मौत शहर के एक निजी अस्पताल में हो गई। दोनों आपस में पिता-पुत्र थे। घटना का आरोप मड़वन प्रखंड की मोहम्मदपुर पंचायत के मुखिया पति मो. आलम पर लगा है। मोबाइल बंद होने के कारण मुखिया पति का पक्ष नहीं आ सका। वे घर से भी गायब बताए गए हैं।
बताया जाता है कि मुखिया पति मो. आलम बैंड पार्टी चलाते हैं। इनकी झुमका बैंड आर्केस्ट्रा ट्रॉली चलती है। बैंड पार्टी में काम करने के लिए आलम ने बखरा के मुस्लिम मियां को कारीगर के तौर बैंड में काम करने के लिए एक लाख बीस हजार रुपये अग्रिम दिए थे। उन्होंने काम नहीं किया। पैसों का तगादा हुआ तो 70 हजार लौटा दिए। शेष 50 हजार वसूलने के लिए तीन बोलेरो से कुछ लोगों के साथ मुखिया पति बखरा पहुंचे। यहां बातचीत के क्रम में विवाद हो गया। मारपीट हो गई।
ग्रामीण बोलेरो पर लाठी डंडा ईंट पत्थर फेंकने लगे। इन सबके बीच मुस्लिम को ले जाने की कोशिश होने लगी। फिर विवाद और बढ़ गया। लोग उग्र हो गए। फिर तीनों वाहन लेकर यहां आए लोग वापस भागने लगे। इसी दौरान बोलेरो मुस्लिम और उसके पुत्र क्यामुदीन को कुचलते हुए निकल गई। आनन-फानन में दोनों को शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के क्रम में पिता-पुत्र की मौत हो गई।
घटना के संबंध में सरैया थानाध्यक्ष अजय कुमार पासवान ने कहा कि 'पंचायत के दौरान हुए बवाल के बाद मौके से तेजी से बोलेरो निकली। पिता-पुत्र को कुचलते हुए निकल गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।'