मुजफ्फरपुर के बोचहां विधायक का निधन, नई दिल्ली में ली अंतिम सांस
मुजफ्फरपुर की बोचहां सीट से वीआइपी के विधायक मुसाफिर पासवान का बुधवार की रात नई दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में निधन हो गया। उनके पीएम मुकेश कुमार ने इसकी पुष्टि की है। वे करीब एक माह से बीमार चल रहे थे।
मुजफ्फरपुर, आनलाइन डेस्क। बोचहां विधानसभा क्षेत्र से विकासशील इंसान पार्टी (वीआइपी) के विधायक मुसाफिर पासवान का बुधवार देर रात निधन हो गया। वह पिछले कई माह से बीमार चल रहे थे। नई दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। बोचहां विधानसभा का उन्होंने दो बार प्रतिनिधित्व किया था। उनके निधन से राजनीतिक दल के नेताओं एवं क्षेत्र की जनता में शोक की लहर है। उनका पार्थिव शरीर आज नई दिल्ली से यहां लाया जाएगा। मजदूर नेता से विधायक का तय किया सफर मृदुभाषी एवं सरल स्वभाव के मुसाफिर पासवान ने मजदूर नेता से विधायक का सफर तय किया। उनका सभी दलों के नेताओं से बेहतर संबंध रहा। यही कारण रहा कि एनडीए के साथ गठबंधन कर पिछले विधानसभा चुनाव में मैदान में उतरे मुकेश सहनी की बोचहां सीट के लिए वीआइपी से वह पहली पसंद बने। राजद के कद्दावर नेता रमई राम को मात देकर वह दूसरी बार बोचहां से विधायक बने। इससे पहले वह वर्ष 2005 में राजद से यहां के विधायक बने थे। पिछले वर्ष चुनाव जीतने के बाद से ही उनकी तबीयत खराब चल रही थी।
मुसाफिर पासवान विधायक बनने के बाद से अपने स्वास्थ्य को लेकर लगातार परेशान रहे थे। अभी से कुछ दिन पहले भी वे बीमार हो गए थे। उस समय उन्हें पटना के एक अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। उस समय भी सांस से संबंधित परेशानी ही थी। उस समय वे ठीक हो गए थे और घर वापस आ गए थे। हालांकि कुछ शरारती तत्वों ने उनकी मौत की अफवाह उड़ा दी थी। तब उनको खुद ही सामने आकर इसका खंडन करना पड़ा था। विधायक के निधन की सूचना से क्षेत्र के लोगों में शोक की लहर है। सूचना मिलने के बाद से लो अपने स्तर से शोक संवेदना प्रकट कर रहे हैं। एक मजदूर नेता से उनके विधायक बनने के बारे में लोग चर्चा कर रहे हैं।
आज का कार्यक्रम---
1.अपराह्न 4:00 बजे इंडिगो एयरवेज से दिल्ली से पटना के लिये प्रस्थान।
2.संध्या 6:00 बजे बिहार विधानसभा आगमन।
3.संध्या 6:30 बजे भी.आई.पी. प्रदेश कार्यालय आगमन।
4.संध्या 7:00 बजे पटना से मुज़फ़्फ़रपुर आवास नाजीरपुर के लिये प्रस्थान।