Covid-19: सीतामढ़ी में Virus की जांच के लिए शुरू हुआ सैंपल कलेक्शन, 12 लोगों के ब्लड सैंपल भेजे गए पटना
कोरोना वायरस की जांच के लिए सदर अस्पताल में शुरू हुआ सैंपल कलेक्शन। होम क्वारंटाइन वाले 12 लोगों को सदर अस्पताल लाकर लिए गए उनके खून के नमूने।
सीतामढ़ी, जेएनएन। सदर अस्पताल में कोरोना वायरस की जांच के लिए संदिग्धों का सैंपल कलेक्शन सोमवार से शुरू हुआ। पहले दिन 12 लोगों के सैंपल कलेक्ट किए गए। सैंपल कलेक्शन के लिए सदर अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में ही व्यवस्था की गई है। सैंपल लेकर उसको राजधानी पटना के आरएमआरआइ अस्तपाल भेजा जाएगा। उसमें जांच के बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि अमूक व्यक्ति में कोरोना वायरस के पॉजिटिव या निगेटिव की पुष्टि हो सकेगी। कोरोना की जांच के लिए आरएमआरआइ अस्तपाल बनाया गया है।
दरभंगा में भी कोरोना जांच की सुविधा शुरू हो रही, आज के ये सारे नमूने हालांकि आरएमआरआइ ही भेजे गए हैं। कोरोना वायरस से बचाव के लिए नोडल अफसर बहाल डॉ. आरके यादव ने तमाम जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सोमवार को जिन लोगों के सैंपल कलेक्शन हुए वे सभी वैसे लोग हैं, जो 18 मार्च के बाद विदेश से आए हैं। उन लोगों में दो सुरसंड, एक बथनाहा, एक बेलसंड, एक रीगा, तीन डुमरा के अलावा सुप्पी व नानपुर के भी शामिल हैं। ये सभी अभी होम क्वारंटाइन में हैं। उनका इंट्रोगेशन पीरियड अभी चालू है।
कोरोना के संदिग्धों की जानकारी गोपनीय
जिला प्रशासन और स्वास्थ्य महकमा कोरोना के संदिग्धों से संबंधित जानकारियां सार्वजनिक नहीं कर रहा है। यह भी नहीं बताया जा रहा है कि सीतामढ़ी में रोजाना कितने लोग दूसरे प्रदेशों से पहुंच रहे हैं। कितनों की स्क्रीनिंग हुई, कितना नमूना संग्रह हुआ, कितने की रिपोर्ट जांच में अटकी है, कितने को संदेह के आधार पर भर्ती कराया गया है, इलाज के बाद कितनों को अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है। डीएम अभिलाषा कुमारी शर्मा सिर्फ इतना बताती हैं कि इस जिले में अभी तक कोई मामला सामने नहीं आया है। अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की वे लगातार अपील कर रही हैं।