BJP प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल की दो टूक, किसी भी कीमत पर CAA वापस नहीं लेगी मोदी सरकार
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा माउंटबेटन पंडित जवाहरलाल नेहरू और मो. जिन्ना की गलती का खामियाजा देश-विदेश में रहने वाले भारतवंशी भुगत रहे हैं।
पूर्वी चंपारण, जेएनएन। रक्सौल-पूर्वी चंपारण मुख्यपथ स्थित हजारीमल उच्च विद्यालय प्रांगण से रविवार को सांसद सह भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल के नेतृत्व में सीएए के समर्थन में जुलूस निकाला गया। इसके पूर्व जायसवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। कहा, माउंटबेटन, पंडित जवाहरलाल नेहरू और मो. जिन्ना की गलती का खामियाजा देश-विदेश में रहने वाले भारतवंशी भुगत रहे हैं। उक्त लोगों ने दोहरी लाइन खींच कर हम भारतीयों को बांटने का काम किया है। हमारी सरकार किसी भी कीमत पर इस कानून को वापस नहीं लेगी।
भगवान श्री राम की सेना और भक्त जब विकराल रूप देखते हैं तब ही लोग शांत होते हैं। बांग्लादेश, पाकिस्तान औऱ अफगानिस्तान में हिंदुओं का घर फूंक दिया गया। मां, बहनों की इज्जत लूटी गई। उस समय लोग कहते थे कि देश-विदेश में प्रताड़ित हिंदुओं, सिख और ईसाइयों को हमारी सरकार शरण देंगी। पाकिस्तानी, रोहंगियों और बंग्लादेशी घुसपैठियों के लिए इस देश में कोई जगह नहीं है। इसके उपरांत रक्सौल अनुमंडल के विभिन्न प्रखंडों से रैली में आने वाले लोगों को मुख्यपथ पर फलमंडी रोड में संबोधित कर रैली को विदा किया।