भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय की अपील, शहीदों के सम्मान में करें वोट
एनडीए के उम्मीदवार के नामांकन के बाद आयोजित सभा में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कांग्रेस व महागठबंधन ने जनता को ठगा। बिहार में लालटेन युग समाप्त नहीं होगी वापसी मंगल पांडेय।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय ने कहा है कि यह शहीदों की धरती है। यहां की जनता शहीदों के सम्मान में वोट डालेगी। क्योंकि कांग्रेस व महागठबंधन ने आज तक समाज के सभी वर्गों को ठगा है। किए गए वादे कभी पूरे नहीं किए। भाजपा प्रत्याशी अजय निषाद के नामांकन के लिए आयोजित संकल्प सभा में वे एनडीए कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने रालोसपा अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा पर भी निशाना साधा। कहा, काराकाट के भगोड़े और ठग को उजियारपुर की जनता भी स्वीकार नही करेगी। जमानत भी नहीं बचेगी।
स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि बिहार में अब हर घर में बिजली की रोशनी है। यहां लालटेन युग समाप्त हो गया है। अब यह युग वापस नहीं आएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जो सरकार चल रही वह दुश्मनों को जमीन ही नहीं आसमान से भी सर्जिकल स्ट्राइक कर जवाब देना जानती है। कार्यकर्ताओं से कहा कि मोदी देश की सभी लोकसभा सीट पर खड़े हैं। एनडीए के सभी प्रत्याशी को विजयी बनाएं।
नगर विकास मंत्री सुरेश शर्मा ने कहा कि नरेंद्र मोदी की अगुआई में देश को सशक्त और समृद्ध बनाना है। इसलिए प्रधानमंत्री के गले में जो हार पहनाया जाएगा, उसमें मुजफ्फरपुर और वैशाली की सीट भी महत्वपूर्ण होगी।
सहकारिता मंत्री राणा रंधीर सिंह ने कहा कि यह लड़ाई भारत माता की जय और भारत तेरे टुकड़े होंगे के बीच है। आज केंद्र और बिहार सरकार विकास की राजनीति कर रही। सबका साथ सबका विकास के साथ आगे बढ़ रही। सभा में एनडीए घटक दलों के जिलाध्यक्ष, विधायक व विधानपार्षद मौजूद थे।
पहले दिन पांच नामांकन
मुजफ्फरपुर लोकसभा क्षेत्र के लिए पहले दिन पांच प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। इसमें भाजपा के अजय निषाद, बज्जिकांचल विकास पार्टी के देवेंद्र राकेश, निर्दलीय आशुतोष कुमार शाही, अजितांश गौड़ व तमन्ना हाशमी शामिल हैं।