यहां खुला बिहार का पहला हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर
स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त बनाने की दिशा में केंद्र और राज्य सरकार प्रत्यनशील है। गांवों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए तीव्र गति से काम किया जा रहा है।
मुजफ्फरपुर। स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त बनाने की दिशा में केंद्र और राज्य सरकार प्रत्यनशील है। गांवों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए तीव्र गति से काम किया जा रहा है। अगले एक वर्ष के भीतर राज्य के सभी 534 प्रखंडों में अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर बनाया जाएगा। ये बातें बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कही। दरभंगा जिले के सदर प्रखंड के कंशी पंचायत में 6 बेड के स्व. रामशरण जयवंश भगत अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के उदघाटन के दौरान सभा को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि एपीएचसी के साथ-साथ यह बिहार का पहला हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर है। जल्द ही अस्पताल के उन्नयन के लिए 24 लाख रुपये मुहैया कराए जाएंगे। पूर्व में जहां अस्पतालों में दवा और सुविधाओं की कमी थी, उसमें काफी सुधार आया है। अब अस्पतालों में दवा और डॉक्टर दोनों मौजूद रहते हैं। केंद्र सरकार की योजना के मुताबिक, गांवों में चिकित्सा व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा है। जहां पहले गाय-भैंस चरा करते थे, वहां अब टीकाकरण कार्य होने लगा है। उन्होंने अस्पताल के लिए दान स्वरूप दी गई भूमि के मालिक उत्तिम भगत और उनके पुत्र को पाग-चादर से सम्मानित किया। कहा कि उनके ही प्रयास से दान में दी गई भूमि का उपयोग स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने की दिशा में किया जा रहा है। इससे पूर्व मंत्री का स्वागत मिथिला की परंपरा के अनुसार पाग-चादर और माला से किया गया। मौके पर नगर विधायक संजय सरावगी, जाले विधायक जीवेश कुमार, विधान पार्षद अर्जुन सहनी, सुनील ¨सह, पूर्व विधान पार्षद मिश्रीलाल यादव, किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. मुरारी मोहन झा, लोजपा के प्रदेश महासचिव आरके चौधरी, सुजीत मल्लिक, आदित्य नारायण चौधरी, मीना झा, भरत सहनी, पूर्व मेयर गौरी पासवान, राममनोहर प्रसाद, भाजपा जिलाध्यक्ष हरि सहनी, भाजयुमो जिलाध्यक्ष डॉ. निर्भय भारद्वाज, प्रखंड प्रमुख उपेन्द्र साह, बुधन चौपाल, सत्यनारायण भगत, संतोष सहनी, कमलेश ठाकुर, रतन पासवान आदि मौजूद थे। सदर अस्पताल के लिए जल्द टेंडर की प्रक्रिया
सदर प्रखंड के गंगवारा में 50 करोड़ की लागत से जल्द ही 100 बेड का सदर अस्पताल बनाया जाएगा। इसकी प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। स्वास्थ्य विभाग और मुख्यमंत्री की ओर से इसे प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है। भूमि चिन्हित करने का कार्य अंतिम चरण में है। विभाग के प्रधान सचिव डीएम से लगातार संपर्क बनाए हुए हैं। अस्पताल के लिए जल्द ही टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। अगले तीन-चार महीने में एएनएम की बहाली
गांवों में बेहतर चिकित्सा व्यवस्था मुहैया कराने के लिए अगले तीन-चार महीने में 7 हजार एएनएम की बहाली की जाएगी। इसके बाद पंचायतों में पहले से खुले उप स्वास्थ्य केंद्र पर सप्ताह में चार दिन ए ग्रेड नर्स की उपस्थिति रहेगी। फिलहाल दो दिन यहां सेवा प्रदान की जा रही है। इतना ही नहीं, इन केंद्रों पर 18 प्रकार की दवाएं भी मरीजों को मिलेंगी। कमतौल, घोघराहा और बह्मपुर में स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना जल्द
जाले विधायक जीवेश कुमार ने मंत्री को बताया कि उनके क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं लचर स्थिति में है। मंत्री ने तुरंत विभागीय अधिकारियों से बात कर स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी ली। बताया कि कमतौल और बह्मपुर में बहुत जल्द ही स्वास्थ्य सेवाएं शुरू हो जाएगी। वहीं, घोघराहा में 2-3 महीने में इसकी शुरुआत होगी। मुफ्त एम्बुलेंस की मिलेगी सुविधा : संजय
नगर विधायक संजय सरावगी ने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का खुलना कंशी पंचायत के लिए वरदान है। पहले गरीब मरीजों को इलाज के लिए दरभंगा और पटना जाना पड़ता था। लेकिन स्वास्थ्य केंद्र के खुल जाने से ग्रामीणों को काफी सुविधा मिलेगी। कहा कि कंशी के विकास के लिए खासकर सड़क के लिए 1 करोड़ 5 लाख की राशि स्वीकृत हो गई है। वहीं, स्लुईस गेट का रास्ता भी साफ हो गया है। पुल का डीपीआर तैयार किया जा रहा है। जल्द ही पुल का निर्माण किया जाएगा। सरकार की ओर से प्रदत्त जो भी सुविधा है, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को मिलेगी। विभाग की ओर से इस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को मॉडल के रूप में विकसित करने का निर्देश दिया गया है।