बिहार में युवाओं को नौकरी-रोजगार का भरोसा, विजय चौधरी बोले-वादा किया था, निभाया भी
एनडीए ने तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में अपनी ताकत दिखाई, जहां मंत्री विजय कुमार चौधरी ने सरकार की ...और पढ़ें

मुजफ्फरपुर में जदयू के प्रत्याशी ई. अभिषेक झा के नामांकन पहुंचे विजय कुमार चौधरी। जागरण
HighLights
एनडीए ने तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र चुनाव में ताकत दिखाई।
विजय चौधरी ने 12 लाख सरकारी नौकरियों और 40 लाख रोजगार बताए।
सरकार का लक्ष्य अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को जोड़ना।
अमरेन्द्र तिवारी, मुजफ्फरपुर। तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में सोमवार को एनडीए ने ताकत दिखाई। जदयू के प्रत्याशी ई. अभिषेक झा के नामांकन के मौके पर मुजफ्फरपुर क्लब मैदान में आयोजित आशीर्वाद समागम में एनडीए के दिग्गज नेताओं और कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटी।
कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री सह जदयू के वरिष्ठ नेता विजय कुमार चौधरी ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि एनडीए ने युवाओं से नौकरी और रोजगार का जो वादा किया था, उसे पूरा किया है।
12 लाख युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
विजय कुमार चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए सरकार ने पहले 10 लाख सरकारी नौकरियां देने का संकल्प लिया था। इसके मुकाबले अब तक करीब 12 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। वहीं, 10 लाख रोजगार के लक्ष्य के बदले करीब 40 लाख युवाओं को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराए गए हैं।

एक करोड़ युवाओं को जोड़ने का लक्ष्य
मंत्री ने कहा कि अगले पांच वर्षों में राज्य के एक करोड़ युवाओं को सरकारी नौकरी और रोजगार से जोड़ने के संकल्प को पूरा करने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि एनडीए सरकार के कार्यों का असर जमीन पर दिखाई दे रहा है।
211 प्रखंडों में डिग्री कॉलेज
शिक्षा के क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा को सुलभ बनाने के लिए राज्य के प्रत्येक प्रखंड में डिग्री कॉलेज खोलने की दिशा में काम किया जा रहा है। इसी क्रम में बिहार के 211 प्रखंडों में डिग्री कॉलेजों की शुरुआत की गई है। इससे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को स्नातक की पढ़ाई के लिए घर से दूर नहीं जाना पड़ेगा।
अभिषेक झा और नरेंद्र सिंह को बताया योग्य
विजय चौधरी ने कहा कि स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव प्रबुद्ध और शिक्षित समाज का चुनाव है। संविधान निर्माताओं ने इसकी परिकल्पना इसलिए की थी कि उच्च शिक्षित प्रतिनिधि सदन में पहुंचकर बिहार के हितों को मजबूती से उठाएं। उन्होंने कहा कि इस कसौटी पर स्नातक क्षेत्र से अभिषेक झा और शिक्षक क्षेत्र से प्रो. नरेंद्र सिंह योग्य और उपयुक्त प्रत्याशी हैं।
सभी सीटों पर जीत का दावा
जल संसाधन मंत्री ने दावा किया कि सभी सीटों पर एनडीए प्रत्याशी पहले स्थान पर रहेंगे। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल दूसरे और तीसरे स्थान के लिए आपस में संघर्ष कर रहे हैं।
चार जिलों से जुटे कार्यकर्ता
कार्यक्रम में मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी और शिवहर जिलों से एनडीए घटक दलों के सांसद, मंत्री, विधायक, जिलाध्यक्ष, कार्यकर्ता और प्रबुद्ध मतदाता शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन बिहार मदरसा बोर्ड के सदस्य प्रो. शब्बीर अहमद ने किया। इसके बाद ई. अभिषेक झा ने मुजफ्फरपुर कमिश्नरी में अपना नामांकन दाखिल किया।
