उत्तर बिहार में बदला मौसम, आंधी बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान की आशंका
IMD Bihar Alert: उत्तर बिहार में अचानक मौसम बदलने से तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि हुई। मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी और शिवहर ...और पढ़ें

Crop Damage Weather: मुजफ्फरपुर समेत सीतामढ़ी, शिवहर और आसपास के क्षेत्रों में मौसम का रुख एकाएक बदला। फोटो: जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, मुजफ्फरपुर। Hailstorm Rain Bihar: उत्तर बिहार में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। शुक्रवार शाम तेज आंधी, बारिश और कई इलाकों में ओलावृष्टि ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। मुजफ्फरपुर समेत सीतामढ़ी, शिवहर और आसपास के क्षेत्रों में मौसम का रुख एकाएक बदल गया।
सीतामढ़ी में तेज आंधी और बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई, जिससे आम के बौर और अन्य फसलों को नुकसान की आशंका जताई जा रही है। वहीं शिवहर में भी बारिश के साथ ओले गिरने की खबर है, जिससे गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचने की संभावना बढ़ गई है।
सुप्पी प्रखंड क्षेत्र में शाम के समय तेज आंधी और मूसलाधार बारिश के साथ घना अंधेरा छा गया। तेज हवाओं के कारण कई जगह पेड़ों की टहनियां टूटकर गिर गईं और लोगों को आवागमन में परेशानी झेलनी पड़ी। आंधी-पानी के चलते बाजारों में जल्दी सन्नाटा पसर गया और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर जाते दिखे।

खराब मौसम का असर बिजली आपूर्ति पर भी पड़ा है। कई इलाकों में बिजली बाधित रही, जिससे लोगों को अतिरिक्त दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि तापमान में गिरावट आने से लोगों को गर्मी से कुछ राहत जरूर मिली है।
मौसम के इस बदलाव ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। अचानक हुई बारिश और ओलावृष्टि से खेतों में तैयार खड़ी फसलों पर असर पड़ने की आशंका है। खासकर आम की मंजरी, गेहूं और तेलहन की फसलें तेज हवा और बारिश से गिरकर खराब हो सकती हैं। किसानों का कहना है कि अगर मौसम का यही मिजाज रहा, तो उनकी मेहनत पर पानी फिर सकता है।

मौसम विभाग ने भी अगले कुछ दिनों तक इसी तरह के बदलाव की संभावना जताई है। ऐसे में किसानों को सतर्क रहने और फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक उपाय करने की सलाह दी गई है।
अचानक बदले मौसम के तेवर से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं किसानों के लिए यह चिंता का विषय बन गया है।
