Kal Ka Mausam 26 September: उत्तर बिहार में बारिश से राहत के आसार, मौसम विभाग ने जारी किया ताजा पूर्वानुमान
Bihar Weather Update:उत्तर बिहार में 26 सितंबर की सुबह तक चक्रवाती प्रभाव से हल्की से मध्यम बारिश के बाद राहत ...और पढ़ें

ज्यादातर इलाकों में आसमान में हल्के से मध्यम बादल छाए रहेंगे। (AI Generated Image)
HighLights
26 सितंबर सुबह तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना।
इसके बाद उत्तर बिहार में बारिश से मिलेगी राहत।
तापमान में गिरावट, हवा में नमी, मौसम सुहाना रहेगा।
अमरेंद्र तिवारी, मुजफ्फरपुर। Bihar Weather Update: उत्तर बिहार के लोगों के लिए मौसम को लेकर राहत भरी खबर है। पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश के दौर से अब जल्द ही राहत मिलने की उम्मीद जताई गई है।
डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा द्वारा जारी ताजा मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 26 सितंबर की सुबह तक ही चक्रवाती प्रभाव के कारण हल्की से मध्यम बारिश रहने के आसार हैं। इसके बाद मौसम में सुधार देखने को मिल सकता है।
इन जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग और भारत मौसम विज्ञान विभाग के संयुक्त बुलेटिन के मुताबिक, 26 सितंबर की सुबह तक ज्यादातर इलाकों में आसमान में हल्के से मध्यम बादल छाए रहेंगे।
हालांकि सीवान, गोपालगंज, समस्तीपुर, पूर्वी एवं पश्चिमी चंपारण के कुछ हिस्सों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। इसके बाद बारिश की गतिविधियों में कमी आने से लोगों को राहत मिलेगी।

तापमान और हवा का रुख
पूर्वानुमान अवधि के दौरान दिन के तापमान में हल्की गिरावट या नरमी महसूस की जा सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 23 से 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
हवा मुख्यतः पूर्वी या दक्षिण-पूर्वी दिशा से 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की संभावना व्यक्त की गई है।
आर्द्रता का स्तर रहेगा अधिक
तापमान में नरमी के बावजूद हवा में नमी की मात्रा अधिक दर्ज की जाएगी। सुबह के समय सापेक्ष आर्द्रता (नमी) 85 से 95 प्रतिशत तथा दोपहर के समय 60 से 65 प्रतिशत के आसपास रहने की संभावना है। बारिश थमने और हवा की गति सामान्य रहने से अगले कुछ दिनों में मौसम सुहाना रहने की उम्मीद है।
