विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर में कानून तोड़ने वालों की मौज, ड्राइविंग लाइसेंस पर कार्रवाई अटकी

Published: Mon, 26 Oct 2026 07:41 PM (IST)

मुजफ्फरपुर सहित बिहार में यातायात नियम तोड़ने वालों के खिलाफ परिवहन विभाग की कार्रवाई धीमी है, जिससे उनका मनोबल बढ़ ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

HighLights

  1. मुजफ्फरपुर में 4595 DL निलंबन/रद्दीकरण मामले लंबित।

  2. बिहार में 46,966 से अधिक DL मामले लंबित।

  3. कार्रवाई में देरी से यातायात नियम तोड़ने वालों का मनोबल बढ़ा।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। सड़क पर यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई में देरी उनके हौसले बढ़ा रही है। बार-बार नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर न तो ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई समय पर हो रही है और न ही लाइसेंस रद करने में तेजी दिखाई जा रही है।

ऐसे में शहर की सड़कों से लेकर राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों तक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती का इंतजार है। परिवहन विभाग के आंकड़े भी कार्रवाई की सुस्त रफ्तार की तस्वीर पेश कर रहे हैं। मुजफ्फरपुर में ही 6143 ड्राइविंग लाइसेंस पर कार्रवाई की अनुशंसा के बावजूद 4595 मामले लंबित हैं।

बिहार में 53 हजार से अधिक मामलों में कार्रवाई की अनुशंसा

विभागीय आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में यातायात नियमों का बार-बार उल्लंघन करने वाले 53,195 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस पर कार्रवाई की अनुशंसा जिला परिवहन अधिकारियों से की गई थी। इसके बावजूद कार्रवाई की रफ्तार काफी धीमी रही।

अब तक केवल 6229 लाइसेंस पर कार्रवाई हुई है। इनमें 5905 लाइसेंस निलंबित किए गए, जबकि महज 324 लाइसेंस रद किए गए हैं। प्रदेश में अभी भी 46,966 मामले लंबित हैं।

मुजफ्फरपुर में 4595 मामले अब भी लंबित

जिले में भी कार्रवाई की स्थिति संतोषजनक नहीं है। यहां 6143 ड्राइविंग लाइसेंस पर कार्रवाई की अनुशंसा की गई थी। इनमें 1458 लाइसेंस निलंबित किए गए, जबकि केवल 90 लाइसेंस रद किए गए हैं। शेष 4595 मामलों में अब तक कार्रवाई लंबित है। समय पर सख्त कदम नहीं उठाए जाने से बार-बार यातायात नियम तोड़ने वाले चालकों पर प्रभावी अंकुश लगाने की चुनौती बनी हुई है।

पटना में सबसे अधिक मामले लंबित

राजधानी पटना में भी कार्रवाई की सुस्त रफ्तार सामने आई है। यहां 34,561 ड्राइविंग लाइसेंस पर कार्रवाई की अनुशंसा की गई थी। इनमें 2126 लाइसेंस निलंबित किए गए और केवल पांच लाइसेंस रद हुए। पटना में 32,430 मामले अब भी लंबित हैं। वहीं, भागलपुर में 9766 ड्राइविंग लाइसेंस पर कार्रवाई की अनुशंसा की गई थी, लेकिन केवल 168 मामलों में कार्रवाई हुई। यहां 9594 मामले लंबित हैं।

दरभंगा में कार्रवाई की स्थिति बेहतर

दरभंगा में अन्य जिलों की तुलना में कार्रवाई की स्थिति बेहतर बताई गई है। यहां 149 मामलों में कार्रवाई हुई, जबकि 20 मामले लंबित हैं। हालांकि, इन आंकड़ों के आधार पर कार्रवाई की प्रकृति और निलंबन व लाइसेंस रद करने का अलग-अलग विवरण स्पष्ट नहीं है।

जल्द कार्रवाई का दावा

जिला परिवहन पदाधिकारी प्रियंका सिन्हा ने कहा कि यातायात नियमों का बार-बार उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ तेजी से कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही बड़ी संख्या में ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित और रद किए जाएंगे।

यह भी पढ़ें- दरभंगा में बाढ़ की मार झेलने वाले किसानों को झटका, कृषि इनपुट सहायता से भी वंचित