विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर में तैयार हो रहा पर्यटन का नया ठिकाना, नौका विहार, पिकनिक स्पाट और मंदिर दर्शन

Published: Sun, 27 Sep 2026 11:50 AM (IST)

मुजफ्फरपुर में बाबा गरीबनाथ सहित तीन मंदिरों और मणिका मन को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां नौकायान, रेस्तरां और पिकनिक स्पॉट जैसी सुविधाएं होंगी।

बाबा गरीबनाथ कारिडोर बनने के बाद ऐसा बनेगा द्वार व बाबा गरीबनाथ कारिडोर बनने के बाद ऐसा दिखेगा मंदिर। विभाग

बाबा गरीबनाथ कारिडोर बनने के बाद ऐसा बनेगा द्वार व बाबा गरीबनाथ कारिडोर बनने के बाद ऐसा दिखेगा मंदिर। विभाग

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर । उत्तर बिहार का देवघर कहे जाने वाले बाबा गरीबनाथ समेत तीन मंदिर व मणिका मन को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।

मुशहरी स्थित मणिका मन को विकसित करने का काम पर्यटन विभाग की ओर से शुरू किया जा चुका है। यहां नौकायान की सुविधा रहेगा। इसके अलावा रेस्तरां, पिकनिक स्पाट समेत कई सुविधाओं को विकसित किया जा रहा है।

अगले वर्ष से संभावना है कि लोग यहां पर बेहतर समय बिताने पहुंचने लगेंगे। तेजी से काम चल रहा है। इसी प्रकार बाबा गरीबनाथ मंदिर को कोरिडोर की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है।

इसपर करीब पांच करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके अलावा बीबीगंज स्थित बाबा गणिनाथ मंदिर व बंदरा स्थित बाबा खगेश्वरनाथ मंदिर को भी पर्यटन स्थल बनाने की तैयारी शुरू हो चुकी है।

पर्यटन विभाग की ओर से जिला प्रशासन से इन मंदिरों को विकसित करने के लिए सर्वे कर रिपोर्ट मांगी है। बाबा गणिनाथ मंदिर का भूमि संबंधित सर्वे कर मुशहरी सीओ ने अपर समाहर्ता, राजस्व को रिपोर्ट दे दी है। बाबा गरीबनाथ मंदिर, बाबा खगेश्वरनाथ मंदिर व औराई स्थित भैरव स्थान मंदिर को शिव सर्किट में भी जोड़ा जा रहा है।

रामायण काल से जुड़ा है इतिहास

मान्यता है कि खगेश्वरनाथ मंदिर का संबंध रामायण काल से है और भगवान राम व लक्ष्मण के नागपाश में बंधने के दौरान गरुड़ के संदेह को महादेव ने यहीं दूर किया था। यहां लाल रंग का अनोखा शिवलिंग स्वतः प्रकट माना जाता है। दूर-दूर से भक्त यहां पर दर्शन करने पहुंचते हैं।

124 एकड़ से अधिक में फैली मणिका मन झील

मुशहरी प्रखंड स्थित मणिका मन झील 124.26 एकड़ में फैली है। यह जगह प्राकृतिक सुंदरता व शांत वातावरण के लिए जानी जाती है। सरकार व प्रशासन इसे प्रमुख आधुनिक पर्यटक स्थल के रूप में विकसित कर रहा है।

यहां पर्यटकों के लिए नौका विहार (बोटिंग), मोटर बोट व फ्लोटिंग जेटी जैसी सुविधाएं योजनाबद्ध है। स्थानीय कला, संस्कृति व रोजगार को बढ़ावा देने के लिए इसे 'दिल्ली हाट' व जुब्बा सहनी आर्ट गैलरी की तर्ज पर तैयार किया जा रहा है।