विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर के SKMCH में महिला डॉक्टर की चेन झपट ले गए बाइकर्स, CCTV फुटेज आया सामने

Published: Fri, 02 Oct 2026 10:02 PM (IST)

Woman Doctor Chain Snatching : मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच परिसर में सुरक्षा व्यवस्था की पोल खुल गई, जहां बाइकर्स बदमाशों ने ...और पढ़ें

सीसीटीवी फुटेज से ली गई तस्वीर।

सीसीटीवी फुटेज से ली गई तस्वीर।

HighLights

  1. एसकेएमसीएच परिसर में महिला चिकित्सक से चेन स्नैचिंग हुई।

  2. बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर सोने की चेन छीनी।

  3. सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल, डॉक्टर-छात्रों में आक्रोश।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Chain Snatching in Hospital  श्रीकृष्ण मेडिकल कालेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) परिसर में सुरक्षा व्यवस्था की फिर एक बार पोल खुल गई।

परिसर में ओपी, एसडीपीओ नगर टू का कार्यालय व 256 गार्डों का पहरा, फिर भी चिकित्सक असुरक्षित हैं। बाइकर्स बदमाशों ने महिला चिकित्सक के गले से सोने की चेन छीन ली। वारदात के दौरान सड़क पर गिरने से वह घायल हो गईं।

बताया गया कि डा.मधुलिका एमसीएच से ड्यूटी के लिए पैदल ही मातृ शिशु सदन (एमसीएच) जा रही थीं। इसी दौरान पोस्टमार्टम हाउस के पास सामने से आए तेज रफ्तार बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन उड़ा ली।

इस दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और सड़क पर गिर पड़ीं। गनीमत रही कि उन्हें गंभीर चोट नहीं आई। गर्दन पर जख्म हो गए। चिकित्सक के शोर मचाते ही बदमाश अस्पताल के मुख्य मार्ग से तेजी से फरार हो गए।

सीसी कैमरे खंगाल रही पुलिस, हाथ खाली

सूचना पर एसकेएमसीएच के ओपी प्रभारी दलबल के साथ पहुंचे और छानबीन की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसी कैमरों के फुटेज खंगाले। हालांकि, पुलिस को अब तक कोई खास सफलता नहीं मिली है।

ओपी प्रभारी ने बताया फुटेज में एक सफेद रंग की बाइक जाती दिखाई दे रही है, लेकिन धुंधलापन होने से बदमाशों का हुलिया व बाइक का नंबर स्पष्ट नहीं हो सका है।

सुरक्षा के दावों की खुली पोल

परिसर में पीजी स्टूडेंट्स के साथ घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जूनियर चिकित्सक के साथ ही एमबीबीएस व पीजी स्टूडेंट्स में इसको लेकर आक्रोश है कि जिस परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के दावे किए जाते हैं, वहां ऐसी घटना हो रही है।

अस्पताल प्रशासन ने निजी एजेंसी से परिसर की सुरक्षा के लिए 256 सुरक्षा गार्डों को तैनात कर रखा है। परिसर के भीतर ही ओपी संचालित है। एसडीपीओ नगर टू का कार्यालय भी इसी कैंपस में है।

इतनी मुस्तैदी व अधिकारियों की नाक के नीचे से बदमाश वारदात कर आसानी से निकल गए। इससे जूनियर चिकित्सक व महिला स्टाफ के बीच सुरक्षा को लेकर डर का माहौल है। चिकित्सक व स्टूडेंट्स ने कहा कि अगर बदमाश नहीं पकड़े गए तो वह उग्र आंदोलन करेंगे।