विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर में नकली सिगरेट का बड़ा कारोबार उजागर, 3 लाख से अधिक की सिगरेट जब्त

By Babul DeepEdited By: Dharmendra Singh
Published: Sun, 13 Sep 2026 04:40 PM (IST)

मुजफ्फरपुर में चर्चित ब्रांड के नाम पर नकली सिगरेट बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने थोक विक्रेता ...और पढ़ें

मुजफ्फरपुर में जब्त नकली सिगरेट।

मुजफ्फरपुर में जब्त नकली सिगरेट।

HighLights

  1. मुजफ्फरपुर में चर्चित ब्रांड की नकली सिगरेट का कारोबार उजागर।

  2. पुलिस ने 21 हजार से अधिक नकली सिगरेट पैकेट जब्त किए।

  3. पूर्व डिस्ट्रीब्यूटर समेत एक कारोबारी हिरासत में, पूछताछ जारी।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर । चर्चित ब्रांड के नाम पर नकली सिगरेट बेचने के अवैध कारोबार का नगर थाने की पुलिस ने रविवार को पर्दाफाश किया। वीएसटी इंडस्ट्रीज लिमिटेड की शिकायत पर पुलिस ने धर्मशाला चौक स्थित एक थोक विक्रेता की दुकान पर छापेमारी कर करीब 21 हजार से अधिक नकली सिगरेट की पैकेट को जब्त किया।

जब्त सिगरेट की अनुमानित कीमत तीन लाख रुपये से अधिक बताई गई है। पुलिस ने आरोपित कारोबारी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसने यह नकली माल अहियापुर के जीरोमाइल के एक युवक से लिया था।

कंपनी के अधिकृत अधिवक्ता दिल्ली निवासी जगमीत सिंह रंधावा ने बताया कि नकली सिगरेट वीएसटी इंडस्ट्रीज के लोकप्रिय ब्रांड के नाम पर तैयार कर बाजार में खपाई जा रही थी। आरोपितों की ओर से इससे मिलते-जुलते नाम और गलत स्पेलिंग वाली पैकिंग का इस्तेमाल किया जा रहा था।

कंपनी प्रतिनिधियों के अनुसार, नकली उत्पादों की बिक्री से कंपनी को राजस्व में करीब 50 प्रतिशत तक नुकसान हो रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि हिरासत में लिया गया कारोबारी पहले कंपनी का थोक डिस्ट्रीब्यूटर रह चुका है।

आरोप है कि वह असली सिगरेट की आड़ में नकली उत्पादों की आपूर्ति मुजफ्फरपुर समेत आसपास के कई जिलों में कर रहा था। कंपनी की ओर से बताया गया कि इस सिंडिकेट पर लगातार नजर रखी जा रही थी। इससे पहले पूर्णिया जिले में भी शिकायत के आधार पर कार्रवाई कराई गई थी।

वहां से करीब 40 हजार से अधिक नकली सिगरेट बरामद की गई थी। पुलिस अब आरोपित कारोबारी समेत इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।