उत्तर बिहार उद्यमी संघ में टूट, पूर्व महासचिव ने बैठक कर की चुनाव की घोषणा
मुजफ्फरपुर में उत्तर बिहार उद्यमी संघ के चुनाव को लेकर विवाद गहरा गया है। पूर्व महासचिव विक्रम कुमार विक्की ने नए सिरे से चुनाव कराने की घोषणा की है।

उत्तर बिहार उद्यमी संघ की ओर से आयोजित संघ के आम सभा में बोलते उद्यमी। संघ
HighLights
पूर्व महासचिव ने उद्यमी संघ के चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए।
नए सिरे से चुनाव कराने की घोषणा, चुनाव समिति भी गठित की।
वर्तमान अध्यक्ष ने पूर्व महासचिव की बैठक को अनधिकृत बताया।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। उत्तर बिहार उद्यमी संघ में चुनाव को लेकर विवाद सामने आया है। संघ के पूर्व महासचिव विक्रम कुमार विक्की ने उद्यमियों की बैठक बुलाकर नए सिरे से चुनाव कराने की घोषणा की है।
उन्होंने एक सितंबर को हुई आमसभा के बाद कराए गए चुनाव की प्रक्रिया पर सवाल उठाया। बैठक में संघ के वर्तमान उपाध्यक्ष अवनीश किशोर व कोषाध्यक्ष सुरेश खैतान समेत कई उद्यमी शामिल हुए।
बैठक में बेला औद्योगिक क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं पर भी चर्चा हुई। उद्यमियों ने सुविधा शुल्क के नाम पर टैक्स देने के बाद भी अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिलने पर नाराजगी जताई।
संचालन चुन्नू ने किया। पूर्व अध्यक्ष नीलकमल ने नई कार्यकारिणी के चुनाव को लेकर चर्चा की। वरीय उद्यमी संजीव राय ने चुनाव समिति के सदस्यों के नाम की घोषणा की। बताया कि मो.कासिम, सुजीत कुमार व राजीव जायसवाल चुनाव कराएंगे।
संघ के वर्तमान उपाध्यक्ष अवनीश किशोर ने भी नए सिरे से चुनाव कराने की बात कही। विक्रम कुमार विक्की ने कहा संघ सोसायटी एक्ट के तहत निबंधित है। उसके अनुसार बैठक व चुनाव होगा। जिलाधिकारी को भी इसकी जानकारी दी गई है।
बैठक को अध्यक्ष ने बताया अनधिकृत
इधर उत्तरी बिहार उद्यमी संघ के अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी ने पूर्व महासचिव की ओर से बुलाई गई बैठक को अनधिकृत बताया। कहा कि एक सितंबर को तत्कालीन महासचिव विक्रम कुमार विक्की ने ही आमसभा बुलाई थी।
उसी बैठक में संघ के नियमों के अनुसार चुनाव कराया गया। चुनाव में 175 सदस्य शामिल हुए और महासचिव पद पर विनीत अग्रवाल को निर्वाचित किया गया।
संघ की बैठक बुलाने का अधिकार अध्यक्ष या महासचिव को है। ऐसे में पूर्व महासचिव की ओर से बुलाई गई बैठक उत्तर बिहार उद्यमी संघ की अधिकृत बैठक नहीं थी, बल्कि यह विक्षुब्ध गुट की बैठक थी। उन्होंने कहा कि संघ के चुनाव की प्रक्रिया नियमानुसार पूरी की जा चुकी है।
