मुजफ्फरपुर में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी, एमआईटी पहुंचकर बस खोजते रहे यात्री, इमलीचट्टी में जाम
दुर्गा पूजा के लिए बने ट्रैफिक प्लान को बिहार राज्य पथ परिवहन निगम ने नहीं माना, जिससे मुजफ्फरपुर में इमलीचट्टी ...और पढ़ें
-1792328572539_m.webp)
मुजफ्फरपुर के इमली चट्टी स्थित सरकारी बस स्टैंड।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर । दुर्गा पूजा को लेकर जारी ट्रैफिक प्लान को बिहार राज्य पथ परिवहन निगम ने नहीं माना। निगम की बसों का परिचालन इमलीचट्टी स्थित सरकारी बस स्टैंड से ही किया गया।
बता दें कि जिला परिवहन कार्यालय में दुर्गा पूजा के अवसर पर 17 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक यातायात नियंत्रण हेतु सभी सरकारी बसों का परिचालन एमआईटी परिसर से करने का ट्रैफिक रूट निर्धारित किया था।
इसपर डीएम ने अंतिम रूप से मुहर लगाते हुए इन नियमों का अनुपालन सुनिश्चित कराने की जवाबदेही पदाधिकारियों को सौंपी थी। लेकिन पहले दिन ही यह धड़ाम हो गई। शनिवार को बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की बसें इमलीचट्टी स्थित सरकारी बस स्टैंड से ही चली।
इस कारण भीषण जाम की समस्या उत्पन्न हो गई। घंटों तक वाहन रेंगते रहे। बाइक सवार और पैदल चलने वालों के लिए भी जगह नहीं बची। लोग प्रशासनिक व्यवस्था को कोसते रहे।
बाइक सवार रोहित कुमार ने बताया कि पूजा के दौरान आवागमन सुचारू रखने को लेकर प्रशासन ने ट्रैफिक नियम बनाया था। लेकिन इसका असर नहीं दिख रहा है। सभी बसें इमलीचट्टी से ही चल रही है। इस कारण आधे घंटे से भीषण जाम में फंसे हुए हैं।
एमआइटी पहुंचकर इंतजार कर रहे थे यात्री
इमलीचट्टी बस स्टैंड पर पहुंचे यात्रियों ने बताया कि उन्हें एमआइटी से बसों के परिचालन की जानकारी मिली थी। वे लोग एमआइटी पहुंच गए थे। लेकिन वहां पर कोई बस नहीं थी। इस कारण उनलोगों को दोबारा इमलीचट्टी आना पड़ा। इस संबंध में निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक विवेकानंद मिश्रा से बात करने की कोशिश की गई मगर बात नहीं हो सकी।
नियम सभी लोगों के लिए बनाया गया है और इसका सख्ती से अनुपालन कराया जाएगा। अगर बस निर्धारित स्थल से नहीं खुली है तो इसे देखा जाएगा।
कुमार गौरव, जिलाधिकारी
यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर में पहले केवी के लिए दी पांच एकड़ जमीन, फिर निर्माण रोकने पहुंचे कोर्ट, गोशाला सचिव पर जुर्माना
