विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bihar News : कभी साथ पढ़े, अब देश-विदेश में हैं खास पहचान, 22 नवंबर को MIT में फिर मिलेंगे पुराने यार

Published: Thu, 15 Oct 2026 07:00 PM (IST)

Muzaffarpur Institute of Technology : मुजफ्फरपुर के एमआईटी में 22 नवंबर को 'कनेक्शन-2026' कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें देश-विदेश से पूर्ववर्ती ...और पढ़ें

एमआईटी की यह तस्वीर जागरण आर्काइव से ली गई है।

एमआईटी की यह तस्वीर जागरण आर्काइव से ली गई है।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। कभी एक ही कक्षा में बैठकर पढ़ाई की, कैंपस में साथ वक्त बिताया और सुनहरे सपनों के साथ कॉलेज से विदा हुए। वक्त बीता तो कोई देश के दूसरे हिस्से में पहुंच गया, तो कोई विदेश में अपनी पहचान बनाने लगा।

अब वर्षों बाद वही पुराने चेहरे, वही दोस्ती और कॉलेज के दिनों की यादें फिर ताजा होंगी। मुजफ्फरपुर के एमआईटी में 22 नवंबर को आयोजित होने वाले ‘कनेक्शन-2026’ में देश-विदेश से पूर्ववर्ती छात्र जुटेंगे। कोई 60 साल पुरानी यादें साझा करेगा, तो कोई 50 और 25 साल पहले के सुनहरे दिनों को फिर से जिएगा।

बता दें कि एमआईटी में 22 नवंबर को देश-विदेश के पूर्ववर्ती छात्र-छात्राओं का जुटान होगा। वर्षों बाद पुराने संगी-साथियों से मिलने और कालेज के दिनों की यादें ताजा करने का यह खास अवसर होगा।

एमआईटी एलुमिनी एसोसिएशन (मीटा) की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का नाम ‘कनेक्शन-2026’ रखा गया है। इसमें देश के विभिन्न हिस्सों के साथ विदेशों में रह रहे पूर्ववर्ती छात्र भी शामिल होंगे।

कार्यक्रम में तीन बैच के विद्यार्थियों के लिए विशेष समारोह आयोजित किया जाएगा। वर्ष 1966 बैच के पूर्ववर्ती छात्र डायमंड जुबिली, 1976 बैच के छात्र गोल्डेन जुबली और 2001 बैच के छात्र सिल्वर जुबली सेलिब्रेशन मनाएंगे।

इसके अलावा एमआइटी के अन्य बैच के पूर्ववर्ती छात्र-छात्राएं भी कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। कई पूर्ववर्ती छात्र अपने परिवार के सदस्यों के साथ पहुंचेंगे। यह आयोजन आठ बजे से शाम पांच बजे तक अलग-अलग शिफ्ट में होगा। कार्यक्रम के माध्यम से पूर्ववर्ती छात्र एक-दूसरे से मिल सकेंगे और अपने पुराने अनुभवों को साझा करेंगे।

रजिस्ट्रेशन के लिए देने होंगे 2500 रुपये

मुजफ्फरपुर : ‘कनेक्शन-2026’ में शामिल होने के लिए प्रति पूर्ववर्ती छात्र रजिस्ट्रेशन 2500 रुपये निर्धारित किया गया है। कोई छात्र अपने परिवार के सदस्यों के साथ शामिल होता है, तो प्रत्येक अतिरिक्त सदस्य के लिए 1500 रुपये देने होंगे।

मीटा की ओर से आयोजन को यादगार बनाने की तैयारी की जा रही है, ताकि अलग-अलग वर्षों में एमआइटी से पढ़ाई पूरी कर चुके विद्यार्थियों को एक मंच पर मिलने का अवसर मिल सके।