BRABU सिंडिकेट में आज पेश होगा 1234 करोड़ का बजट, पिछले वर्ष से 118.08 करोड़ अधिक
BRABU Syndicate Meeting: बीआरए बिहार विश्वविद्यालय में शुक्रवार को सिंडिकेट की बैठक में वित्तीय वर्ष 2027-28 के लिए 1234 करोड़ ...और पढ़ें

वित्तीय वर्ष 2027-28 के लिए 1234.00 करोड़ रुपये का अनुमानित बजट तैयार किया गया है।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। BRABU Syndicate Meeting: बीआरए बिहार विश्वविद्यालय में शुक्रवार को सिंडिकेट की बैठक होगी। इसमें वित्त समिति से स्वीकृत सत्र 2027-28 के बजट को मुख्य एजेंडे के रूप में पेश किया जाएगा।
बैठक दोपहर दो बजे से नए अतिथि भवन में आयोजित होगी। विश्वविद्यालय की ओर से गुरुवार को बैठक से एक दिन पहले सभी सदस्यों को एजेंडा भेज दिया गया। एजेंडे के अनुसार वित्तीय वर्ष 2027-28 के लिए 1234.00 करोड़ रुपये का अनुमानित बजट तैयार किया गया है।
यह वर्ष 2026-27 के 1115.92 करोड़ रुपये के बजट से 118.08 करोड़ रुपये अधिक है।
18.53 करोड़ घाटे का अनुमान
बजट आकलन में इस बार 18.53 करोड़ रुपये के घाटे का अनुमान लगाया गया है। वेतनादि मद में 400.24 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जबकि पिछले वर्ष इस मद में 338.97 करोड़ रुपये रखे गए थे। इस तरह वेतन मद का प्रावधान पिछले वर्ष की तुलना में बढ़ा है।
पेंशनादि मद में 398.60 करोड़ रुपये का आकलन किया गया है। पिछले वर्ष इस मद में 377.09 करोड़ रुपये का प्रावधान था। मासिक पेंशन और पारिवारिक पेंशन का बकाया भुगतान अद्यतन हो चुका है।
पेंशन अंतर राशि बाकी
हालांकि, सप्तम पुनरीक्षित वेतनमान के तहत चतुर्थ चरण के महाविद्यालयों की पेंशन और पारिवारिक पेंशन के अंतर की राशि अब भी बकाया है।
बजट में इस मद से जुड़े खर्च को भी ध्यान में रखा गया है। सिंडिकेट की बैठक में बजट के अन्य प्रावधानों के साथ इस पर भी चर्चा होगी।
वर्ष 2027-28 में सरकार से विभिन्न मदों में 248.15 करोड़ रुपये के अनुदान की मांग की गई है। इसमें अतिथि शिक्षकों के मानदेय के लिए 38.12 करोड़ रुपये और आउटसोर्सिंग नान-टीचिंग कर्मियों के लिए 9.21 करोड़ रुपये शामिल हैं। नए निर्माण और जीर्णोद्धार के लिए 114.55 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
छात्र कल्याण पर प्रावधान
छात्राओं और एससी-एसटी की कल्याणकारी योजनाओं के लिए 26.01 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वहीं, आंतरिक स्रोत से होने वाली आय के विरुद्ध 187.45 करोड़ रुपये खर्च का अनुमान लगाया गया है। इसमें विश्वविद्यालय के परीक्षा मद में 120.23 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
सिंडिकेट की बैठक में वित्त समिति से स्वीकृत बजट को मुख्य एजेंडे के रूप में रखा जाएगा। सदस्यों को पहले ही बैठक का एजेंडा उपलब्ध कराया जा चुका है। बैठक के बाद बजट से जुड़े प्रस्तावों पर आगे की प्रक्रिया तय होगी।
