बिहार शिक्षक स्थानांतरण MLC चुनाव आचार संहिता के कारण फंसा, आयोग के निर्देश का इंतजार
Bihar Teacher Transfer Rules: बिहार विधान परिषद चुनाव की आचार संहिता के चलते शिक्षकों के स्थानांतरण पर रोक लग गई ...और पढ़ें

आपत्तियों के निस्तारण के बाद केवल अंतिम सूची जारी होना बाकी है।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। E Shikshakosh Portal Online Transfer: बिहार विधान परिषद चुनाव की आचार संहिता के पेंच में शिक्षकों का स्थानांतरण फंसता नजर आ रहा है।
तबादले से जुड़ी विभिन्न सूचियों पर अब तक अंतिम मुहर नहीं लग सकी है। शिक्षा विभाग ने इस संबंध में राज्य निर्वाचन आयोग से दिशा-निर्देश मांगा है।
आयोग के फैसले का इंतजार
निर्वाचन आयोग से स्पष्ट मार्गदर्शन मिलने के बाद ही स्थानांतरण को लेकर स्थिति साफ होगी। जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमार अरविंद सिन्हा ने बताया कि अगले दो से चार दिनों में सूची जारी होने की संभावना है। फिलहाल शिक्षक सूचियों के जारी होने की राह देख रहे हैं।
अंतरजिला स्थानांतरण भी लंबित
जिले में सरप्लस शिक्षकों, म्यूचुअल ट्रांसफर और अंतरजिला स्थानांतरण की सूचियां भी अटकी हुई हैं। विधान परिषद के शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में शिक्षक ही मतदाता होते हैं। ऐसे में आचार संहिता के दौरान स्थानांतरण प्रक्रिया को लेकर विभाग काफी सतर्कता बरत रहा है।
4 अक्टूबर से ऑनलाइन आवेदन
पांच वर्षों से एक ही स्कूल में जमे शिक्षकों के सामान्य स्थानांतरण की प्रक्रिया चार अक्टूबर से शुरू होनी है। शिक्षक चार से 10 अक्टूबर तक ई-शिक्षाकोष पोर्टल के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। हालांकि इस प्रक्रिया की अंतिम स्थिति भी आयोग के जवाब पर निर्भर करेगी।
चुनाव के बाद प्रक्रिया संभव
विभागीय अधिकारियों के अनुसार आचार संहिता के कारण चुनाव संपन्न होने के बाद ही स्थानांतरण प्रक्रिया को पूरी तरह आगे बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है। हालांकि, आचार संहिता लागू होने से पहले ही औपबंधिक सूची जारी की जा चुकी थी। आपत्तियों के निस्तारण के बाद केवल अंतिम सूची जारी होना बाकी है।
