विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर में एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, अंतरजिला हेरोइन गिरोह का भंडाफोड़

By Babul DeepEdited By: Dharmendra Singh
Published: Sun, 13 Sep 2026 06:02 PM (IST)

बिहार एसटीएफ और जिला पुलिस ने मुजफ्फरपुर के तुर्की में एक अंतरजिला हेरोइन तस्कर गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस ...और पढ़ें

पकड़े गए आरोपितों के साथ प्रेस वार्ता करते एसडीपीओ पश्चिमी। जागरण

पकड़े गए आरोपितों के साथ प्रेस वार्ता करते एसडीपीओ पश्चिमी। जागरण

HighLights

  1. एसटीएफ और जिला पुलिस ने अंतरजिला हेरोइन गिरोह का पर्दाफाश किया।

  2. मुजफ्फरपुर के तुर्की में एक महिला समेत पांच तस्कर गिरफ्तार।

  3. 136 ग्राम हेरोइन, मोबाइल और 2.5 लाख रुपये नकद बरामद।

जागरण संवादाता, मुजफ्फरपुर। बिहार एसटीएफ की टीम और जिला पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतरजिला हेरोइन तस्कर गिरोह का पर्दाफाश किया है।

टीम ने रविवार को तुर्की थाना क्षेत्र में छापेमारी कर एक महिला समेत पांच तस्करों को 136.35 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया। आरोपित के पास से पांच मोबाइल फोन और 2 लाख 54 हजार 770 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपितो की पहचान वैशाली जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के पुरुषोत्तमपुर जाफराबाद के कुंदन कुमार, परोहा के प्रकाश कुमार, पुरुषोत्तमपुर के रोहित कुमार, रुस्तमपुर थाना क्षेत्र के परोहा के सतीश कुमार और पटना जिले के फतुहा थाना क्षेत्र के कच्ची दरगाह की काजल देवी के रूप में हुई है।

एसटीएफ के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित एक संगठित गिरोह से जुड़े हैं और कई वर्षों से मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध आपूर्ति में संलिप्त बताए जा रहे हैं।

जांच में सामने आया है कि गिरोह को असम के सिलचर से हेरोइन की खेप मिलती थी। इसके बाद बिहार के विभिन्न जिलों में इसकी आपूर्ति की जाती थी। गिरोह का नेटवर्क बिहार के अलावा असम और अन्य राज्यों तक फैला होने की जानकारी भी पुलिस को मिली है।

पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों, सप्लाई चेन और पूर्व में की गई मादक पदार्थों की आपूर्ति के संबंध में जानकारी जुटा रही है। इनका आपराधिक इतिहास का भी सत्यापन किया जा रहा है। मामले में तुर्की थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।