बिहार में फिर बेगूसराय की तर्ज पर शूटआउट, सीतामढ़ी में बाइक सवार अपराधियों ने दो को मारी गोली, तीसरा बचा
Bihar Shootout Again बिहार के सीतामढ़ी से जुड़ा है मामला। सहियारा थाना क्षेत्र में एक मोटरसाइकिल से घूम रहे दो अपराधियों ने सहियारा में तीन लोगों पर गोलियां चलाईं। जिनमें दो लोगों को गोली लगी और वे गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
बथनाहा (सीतामढ़ी), जासं। सीतामढ़ी के सहियारा थाना क्षेत्र में अपराधियों ने रविवार सुबह बेगूसराय की तर्ज पर गोलीबारी की घटना को अंजाम देने की कोशिश की। एक मोटरसाइकिल से घूम रहे दो अपराधियों ने सहियारा में तीन लोगों पर गोलियां चलाई। जिनमें दो लोगों को गोली लगी और वे गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उनको सीतामढ़ी शहर के एक निजी हास्पीटल में ले जाया गया है। वहीं तीसरे शख्स पर चलाई गई गोली बिल्कुल पास से होकर निकल गई। जिससे उनकी जान बची। चमनपुर टोले में लोगों ने साहस दिखाते हुए दोनों अपराधियों को घेरकर पकड़ लिया। उनकी जमकर पिटाई की। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। उसको अपने कब्जे में लेकर सहियारा थाने ले गई। इसके बाद कई गांवों के लोग कानून-व्यवस्था की लचर स्थिति को लेकर सड़क पर उतर आए। आक्रोशितों ने थाने का घेराव कर दिया। इसी दौरान ड्यूटी से वापस हो रही पुलिस की गाड़ी पर हमला बोल दिया। पुलिस गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया। रोड़ेबाजी में कई पुलिसकर्मियों के चोटिल होने की बात कही जा रही है। इस संबंध में स्थानीय पुलिस कुछ भी बताने से परहेज कर रही है।
पहली गोली सहियारा बाजार में चलाई
सीतामढ़ी से एसडीपीओ सदर सुबोध कुमार व विभिन्न थानों के थानाध्यक्ष समेत पुलिस बल पहुंच गया है। बताया जाता है कि पहली गोली उसने सहियारा बाजार में चलाई। वहां फर्नीचर दुकानदार उमेश ठाकुर अपनी दुकान के बाहर बैठकर काम कर रहे थे तभी ये दोनों अपराधी रास्ते से गुजरते हुए गोली मारकर भागते चले। उमेश ठाकुर सहियारा वार्ड -6 के रहने वाले हैं। फर्नीचर दुकानदार की कोई गलती नहीं थी। वह शख्स अपना काम कर रहा था। उमेश को गोली मार भागते हुए देखने के बाद लोगों ने अगले गांव में फोन से सूचित कर दिया। जिसके बाद वहां के लोगों ने इन अपराधियों को घेर लिया। ग्रामीणों को सामने देखते ही दोनों अपराधियों ने उनपर भी गोलियां चलाई। चमनपुर टोला के रमेश पासवान के पुत्र को गोली लगी जिससे वह भी गंभीर रूप से जख्मी हो गया। तीसरी गोली एक अन्य शख्स को निशाना बनाकर चलाई गई जिसका शिकार बनने से वह बाल-बाल बच गया। गोली बिल्कुल उसके पास से होकर निकल गई।