बिहार में 2 करोड़ की वित्तीय अनियमितता पर प्राचार्य निलंबित, खरीद, टेंडर और नियुक्ति में गड़बड़ी
एसआरएपी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राम नरेश पंडित को 2 करोड़ से अधिक की वित्तीय अनियमितता के आरोप में निलंबित ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
प्राचार्य डॉ. राम नरेश पंडित वित्तीय अनियमितता के आरोप में निलंबित।
दो करोड़ से अधिक की गड़बड़ी खरीद और टेंडर में पाई गई।
जांच में जीएसटी खाता न खोलने और नियुक्ति में अनियमितता मिली।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। वित्तीय अनियमितता मामले में एसआरएपी कालेज बारा चकिया, पूर्वी चंपारण के प्राचार्य डा. राम नरेश पंडित को निलंबित कर दिया गया है। प्रारंभिक तौर पर हुई शिकायतों की जांच में करीब दो करोड़ से अधिक वित्तीय अनियमितता की बात सामने आ रही है।
निलंबन अवधि में प्राचार्य का कार्यालय एलएनडी कालेज, मोतिहारी निर्धारित किया गया। प्राचार्य के निलंबन की अधिसूचना जारी कर दी गई है। वहीं एसएनएस कालेज मोतिहारी के प्राचार्य डा. विनोद बैठा को एसआरएपी कालेज बारा चकिया के प्राचार्य के कार्यों का निर्वहन करने की अधिसूचना जारी की गई है।
कुलपति के निर्देश पर रजिस्ट्रार की ओर से यह अधिसूचना जारी की गई है। रजिस्ट्रार प्रो. समीर कुमार शर्मा ने बताया कि दो कालेज के प्राचार्य पद पर रहते हुए वित्तीय अनियमितता की गई है।
जीवछ कालेज मोतीपुर और एसआरएपी कालेज बाराचकिया में कई अनियमितता पाई गई हैं। जांच के आधार पर करीब दो करोड़ की अनियमितता मिली है। विश्वविद्यालय को जब इन महाविद्यालय में वित्तीय अनियमित की शिकायत मिली तो विश्वविद्यालय के स्तर से उनके वित्तीय अधिकार रोका गया।
इसके विरोध में वह उच्च न्यायालय चले गए। इसके बाद विश्वविद्यालय को कोर्ट की ओर से निर्देशित किया गया कि वित्तीय जांच कराई जाए। इसके बात जब विश्वविद्यालय के स्तर से जब जानकारी ली गई तो उन्होंने कई बार सहयोग नहीं किया और न ही दस्तावेज सौंपे।
इसके बाद विश्वविद्यालय स्तर से वित्तीय सलाहकार की अध्यक्षता में कमेटी का गठन किया गया। जांच में दोनों ही महाविद्यालय में वित्तीय अनियमितता समिति अन्य मामले पाए गए। कालेज का जीएसटी खाता नहीं खोलने समेत खरीदारी और टेंडर में कई गड़बड़ी और अनियमितता की शिकायत मिली है।
साथ ही अपने कार्यकाल में दोनों महाविद्यालयों में कई कर्मचारियों की नियुक्ति का भी आरोप है। जांच की रिपोर्ट के आधार पर प्राचार्य डा रामनरेश पंडित को निलंबित किया गया।
