विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में मुजफ्फरपुर समेत नौ जिलों में औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना को एसआइए की हरी झंडी

By Babul Deep Edited By: Dharmendra Singh
Published: Tue, 05 May 2026 08:36 PM (IST)

बिहार के 24 जिलों में नए औद्योगिक क्षेत्र स्थापित करने की प्रक्रिया तेज हो गई है, जिसमें मुजफ्फरपुर समेत नौ ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर । राज्य के 24 जिलों में नए औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना को लेकर भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। मुजफ्फरपुर समेत नौ जिलों में सामाजिक प्रभाव का आकलन (एसआइए) का कार्य पूर्ण हो चुका है। इसमें परियोजना को लोक प्रयोजनार्थ बताया गया है।

नौ जिलों में प्रक्रियाधीन है और शेष छह जिलों में अभी काम शुरू नहीं हुआ है। उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने इससे सभी संबंधित समाहर्ताओं को अवगत कराया है। उन्होंने अपने स्तर से इसकी नियमित निगरानी करने और त्वरित गति से कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।

बताया गया कि राज्य के 24 जिलों में 26 परियोजनाओं को लेकर प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि नए औद्योगिक इकाइयों की स्थापना को लेकर अभी से आवेदन प्राप्त हो रहे हैं।

केंद्र सरकार द्वारा भव्य योजना की घोषणा भी की गई है। इसके तहत सौ एकड़ से अधिक वाले भूखंड ही औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना को लेकर मान्य होंगे। इससे देशभर में सौ से अधिक प्लग एंड प्ले औद्योगिक पार्क विकसित किए जाने है। उन्होंने भूमि अधिग्रहण से संबंधित प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने को कहा है।

ताकि इकाइयों की स्थापना को लेकर जो आवेदन प्राप्त हो रहे हैं, उसका अवलोकन कर स्वीकृति प्रदान की जा सके। उन्होंने अधिग्रहण के साथ-साथ दखल कब्जा भी उक्त भूखंड पर दिलाने का अनुरोध किया है। ताकि अगर कहीं पर अतिक्रमण की समस्या हो तो इसका तुरंत निदान किया जा सके। बाद में किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न नहीं हो। इससे योजना के उद्देश्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।

इन जिलों में औद्योगिक क्षेत्र की हो रही स्थापना 

मुजफ्फरपुर के अलावा वैशाली, सीतामढ़ी, मधुबनी, रोहतास, नवादा, अरवल, भागलपुर, मुंगेर, नालंदा, कटिहार, औरंगाबाद, सुपौल, सीवान, सहरसा, बेगुसराय, पटना, मधेपुरा, शेखपुरा, शिवहर, दरभंगा, पूर्णिया, भोजपुर और गया में औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना की जा रही है।

परियोजना को बताया कि लोक प्रयोजनार्थ 

सामाजिक प्रभाव का आकलन करने के बाद इसकी रिपोर्ट संबंधित जिलों को दी जा चुकी है। इसमें परियोजना को लोक प्रयोजनार्थ बताया गया है। रिपोर्ट में कहा गया कि औद्योगिक इकाईयों की स्थापना होने से न सिर्फ रोजगार के अवसर उत्पन्न होंगे बल्कि क्षेत्र भी आर्थिक रूप से विकास करेगा।

इस दौरान अगर कोई परिवार विस्थापित होंगे तो उन्हें पुनर्वास योजना से लाभ देने की बात कही गई है। विदित हो कि मुजफ्फरपुर के पारू में सात सौ एकड़ में औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना की जा रही है। इसके लिए एसआइए का कार्य कराया गया है। अब अधिग्रहण करते हुए मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया की जाएगी।