बिहार के पते पर 30 अफगानी और दो बांग्लादेशी नागरिकों के भारतीय पासपोर्ट, आखिर कैसे हुए जारी?
Bihar Passport Scam : बिहार में 30 अफगानी और 2 बांग्लादेशी नागरिकों को भारतीय पते पर पासपोर्ट जारी होने से ...और पढ़ें

Passport Verification : इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
30 अफगानी और 2 बांग्लादेशी नागरिकों को भारतीय पासपोर्ट मिले।
अधिकांश पासपोर्ट बिहार के पटना, मुजफ्फरपुर, खगड़िया पते पर बने।
पुलिस सत्यापन के बाद भी पासपोर्ट जारी होने पर सवाल उठे।
प्रेम शंकर मिश्रा, मुजफ्फरपुर । Indian Passport : बिहार में विदेशी नागरिक के अवैध रूप से आधार और मतदाता पहचान पत्र बनने की खबर के बीच बड़ी संख्या में अफगानी नागरिकों के बिहार के पते पर भारतीय पासपोर्ट बनवाए जाने की रिपोर्ट आई है।
दो बांग्लादेशी नागरिकों के भी बिहार के ही पते पर पासपोर्ट बनवाए जाने की भी रिपोर्ट है। विदेश और गृह मंत्रालय की रिपोर्ट के बाद हड़कंप मच गया है। पुलिस मुख्यालय ने संबंधित जिले के डीएम, एसएसपी/एसपी से मामले की जांच कर विधि सम्मत कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट मांगी है।
क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय के क्षेत्रीय पासपोर्ट पदाधिकारी की ओर से बिहार के मुख्य सचिव को पत्र भेजा गया है। इसमें लिखा है कि बिहार में निवास करने वाले 31 संदिग्ध अफगानी नागरिकों ने भारतीय पासपोर्ट बना लिया है। इनमें से 30 के पास अफगानी पासपोर्ट भी हैं। इनमें से 29 का पता पटना जिला का है। एक ने अपना पता दरभंगा दिया है।
सलमान खान के नाम के एक संदिग्ध के बारे में स्पष्ट नहीं हो सका है कि उसके पास अफगानी पासपोर्ट है। दूसरी ओर उसकी पत्नी और सात बच्चों के नाम से भारतीय पासपोर्ट जारी है। इनके नाम से अफगानी पासपोर्ट भी हैं। सलमान खान के आधार पर इन आठ लोगों को भारतीय नागरिकता मिलने पर विदेश मंत्रालय ने बड़ा सवाल किया है।
पुलिस सत्यापन के बाद पासपोर्ट जारी होने पर सवाल
क्षेत्रीय पासपोर्ट पदाधिकारी के पत्र में बड़ा सवाल इस बात को लेकर भी उठाया गया है कि बच्चों के पासपोर्ट को छोड़कर सभी पुलिस सत्यापन के बाद जारी किए गए हैं।
सभी ने क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय को फर्जी आधार या अन्य पहचान पत्र का उपयोग कर पासपोर्ट बनवाए हैं। इसे देखते हुए मामले की जांच की जाए कि कैसे इन 30 अफगानी नागरकों ने भारतीय पासपोर्ट बनवाए।
बड़ा रैकेट सक्रिय
क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी ने पत्र में इस ओर इशारा किया है कि यहां बड़ा रैकेट काम कर रहा है। इस कारण ही दो बांग्लादेशी नागरिकों के भी भारतीय पासपोर्ट बनाए गए हैं। इनके नाम बदले हुए हैं।
अधिकारी ने दो अफगानी और दो बांग्लादेशी नागरिकों के नाम और पासपोर्ट भी जारी किया है। बांग्लादेश में मो. बेलाल हसन भुइयां के नाम से पासपोर्ट है।
मुजफ्फरपुर के दीवान रोड, नगर थाना के पते पर मोहम्मद आफताब के नाम से बेलाल का पासपोर्ट जारी हुआ है। वहीं एक अन्य बांग्लादेशी पासपोर्टधारी मो. उमर ने खगड़िया के पता पर भारतीय पासपोर्ट जारी कराया है। यहां इसका नाम मो. उमर फारुख और पता गांव-मारर, थाना-मोरकही, जिला-खगड़िया दर्ज है।
दो अफगानी नागरिकों में मोहम्मद अली खाकसर का पटना के पते पर मो. जमाल खान के नाम से भारतीय पासपोर्ट जारी हुआ है। पूरा पता खुर्शीद मंजिल, एक्जीबिशन रोड, गांधी मैदान दर्ज है। एक अन्य अफगानी पासपोर्ट धारी इस्लाम शाह अशना का पटना के पते पर भारतीय पासपोर्ट जारी हुआ है। यह पता पटना सुपर मार्केट, बी ब्लाक, फ्लैट नंबर 303, फ्रेजर रोड दर्ज है।
पुलिस उप महानिरीक्षक ने मांगी रिपोर्ट
इस मामले में विशेष शाखा के पुलिस उप-महानिरीक्षक ने पटना, मुजफ्फरपुर और खगड़िया के डीएम, पटना और मुजफ्फरपुर के एसएसपी और खगड़िया के एसपी से जांच कर रिपोर्ट मांगी है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए विधि सम्मत कार्रवाई करने को भी कहा गया है।
