नेपाल में भारी बारिश के बाद बिहार की गंडक और बूढ़ी गंडक पर बाढ़ का खतरा, तटबंधों की सुरक्षा बढ़ी
Bihar Flood High Alert: नेपाल में भारी बारिश के बाद बिहार की गंडक और बूढ़ी गंडक नदियों में जलस्तर बढ़ने ...और पढ़ें

आरूघाट गेज स्टेशन पर जलस्तर अचानक खतरे के निशान को पार कर गया है।
HighLights
नेपाल में बारिश से गंडक, बूढ़ी गंडक में जलस्तर बढ़ने की आशंका।
जल संसाधन विभाग ने बिहार में हाई अलर्ट जारी किया।
तटबंधों की सुरक्षा बढ़ाई गई, अधिकारियों को निगरानी के निर्देश।
अमरेंद्र तिवारी, मुजफ्फरपुर। Bihar Flood High Alert: नेपाल में हुई मूसलाधार बारिश के बाद बिहार की गंडक (नारायणी) और बूढ़ी गंडक नदी में जलस्तर तेजी से बढ़ने की आशंका जताई गई है। इसे लेकर जल संसाधन विभाग ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है।
तटबंधों पर चौकसी का आदेश
तटबंधों और नदी से जुड़ी संरचनाओं पर संभावित दबाव को देखते हुए अभियंता प्रमुख ने संबंधित अधिकारियों को सतर्कता बढ़ाने का सख्त निर्देश दिया है। आरूघाट गेज स्टेशन पर जलस्तर अचानक खतरे के निशान को पार कर गया है।
विभाग ने अधिकारियों को दिया टास्क
विभाग ने मुजफ्फरपुर और गोपालगंज के मुख्य अभियंताओं सहित सभी अधीक्षण और कार्यपालक अभियंताओं को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। अधिकारियों को बाढ़ संघर्षात्मक सामग्री, श्रमबल और पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था रखने का टास्क दिया गया है।

दिन-रात निगरानी के निर्देश
तटबंधों की सुरक्षा के लिए दिन-रात चौकसी बरतने, प्रतिनियुक्त श्रमिकों को सजग रखने और किसी भी आपात स्थिति में समय पर त्वरित कार्रवाई करने को कहा गया है।
फिलहाल खतरे से नीचे नदियां
जिला आपातकालीन संचालन केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार, मुजफ्फरपुर जिले में प्रमुख नदियां अभी खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं। बेनीबाद में बागमती का जलस्तर 48.32 मीटर है, जबकि खतरे का निशान 48.68 मीटर है।
निचले इलाकों में अलर्ट
वहीं सिकंदरपुर में बूढ़ी गंडक 48.32 मीटर और रेवाघाट में गंडक 52.43 मीटर पर बह रही है। चूंकि एक सप्ताह पहले साहेबगंज, पारू, कटरा और औराई में स्थिति बिगड़ी थी, इसलिए प्रशासन ने लोगों को पूरी सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
