बिहार में 125 यूनिट मुफ्त बिजली का लाभ या बिलिंग का झमेला? एप में हर महीने 400-500 रुपये माइनस दिख रहा
Suvidha Bihar App Issues : मुजफ्फरपुर में बिजली बिलिंग व्यवस्था 'सुविधा बिहार' ऐप की तकनीकी खामियों से जूझ रही है, ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
सुविधा बिहार ऐप में तकनीकी खामियों से उपभोक्ता परेशान।
125 यूनिट मुफ्त बिजली के बावजूद बिल में माइनस राशि।
उपभोक्ता मुफ्त बिजली लाभ, डिफरमेंट चार्ज पर भ्रमित।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर । डिजिटल युग में बिजली बिलिंग व्यवस्था अब भी साफ्टवेयर की उलझनों से बाहर नहीं निकल पा रही है। सुविधा बिहार एप में तकनीकी खामियों व डिफरमेंट चार्ज की मार से उपभोक्ता परेशान हैं।
स्थिति यह है कि 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली का लाभ मिलने के बाद भी कई उपभोक्ताओं के बिल में हर महीने 400-500 रुपये तक की राशि माइनस में चली जा रही है।
सुधार के लिए विभागीय स्तर पर कवायद व उपभोक्ताओं से फीडबैक लेने के बाद भी समस्या जस की तस बनी है। जिले के सभी बिजली डिवीजनों के अलावा मोतिहारी समेत कई जिलों में कंपनी के अधिकारियों ने उपभोक्ताओं के घर जाकर सुविधा बिहार साफ्टवेयर से जुड़ी समस्याओं का फीडबैक लिया था।
मिस्काट निवासी अजय झा के अनुसार, पहले उनका बिजली उपयोग 125 यूनिट से कम रहता था। एप में 125 यूनिट तक शून्य-शून्य दिखाई देने से मुफ्त बिजली का लाभ समझ में आता था।
पिछले करीब तीन महीने से स्थिति बदल गई है। टीओडी (टाइम आफ डे) सिस्टम लागू होने के बाद एप में घर का लोड अचानक बढ़ा दिख रहा है। साथ ही 125 यूनिट मुफ्त बिजली का लाभ भी स्पष्ट नहीं हो रहा।
वर्चुअल क्रेडिट के बाद भी माइनस में बिल
उपभोक्ताओं का कहना है कि विभाग की ओर से 125 यूनिट का वर्चुअल क्रेडिट खाते में दिए जाने की बात कही जा रही है। इसके बाद भी बिल में हर महीने 400-500 रुपये तक माइनस दिख रहा है।
उपभोक्ताओं को समझ नहीं आ रहा कि मुफ्त बिजली का वास्तविक लाभ उन्हें कैसे मिल रहा है और डिफरमेंट चार्ज किस आधार पर जुड़ रहा है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि साफ्टवेयर में व्यवस्था स्पष्ट नहीं होने से उन्हें बिल समझने के लिए बिजली कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
विभाग को फीडबैक लेने के बाद अब समस्या की तकनीकी जांच कर स्थायी सुधार जल्द करने की जरूरत है ताकि मुफ्त बिजली का लाभ कागज या एप में नहीं, बल्कि उपभोक्ता के बिल में स्पष्ट रूप से दिखाई दे।
