Bihar Election 2020: तीसरे चरण के चुनाव से पहले प्रत्याशी को मारी गोली, बाइक सवार बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम
Bihar Election 2020 समस्तीपुर में युवा क्रांतिकारी दल के उम्मीदवार संजय दास को गोली मारकर गंभीर रूप से से जख्मी कर दिया। भूमि विवाद को लेकर घटना की जताई आशंका एक गिरफ्तार। जख्मी हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
समस्तीपुर, जेएनएन। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के विशनपुर में बाइक सवार बदमाशों ने मार्निंग वॉक पर निकले युवा क्रांतिकारी दल के उम्मीदवार संजय दास को गोली मारकर गंभीर रूप से से जख्मी कर दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों के सहयोग से जख्मी काे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गोली बाएं पैर में लगी है। सूचना पर पहुंची मामले की छानबीन में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार संजय दास बिहार विधानसभा सभा चुनाव में कल्याणपुर विधानसभा से युवा क्रांतिकारी दल के उम्मीदवार हैं। विशनपुर वार्ड 09 में अपना मकान है। बुधवार सुबह करीब 5 बजे अपने सरकारी बॉडीगार्ड राहुल कुमार के साथ मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले। इस क्रम में विशनपुर चौक के निकट समस्तीपुर रोसड़ा मार्ग में दो बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने अचानक पास आकर उनके कनपटी में पिस्तौल तान दिया। इस दौरान दोनों के बीच नोंक झोंक हुई। इसी बीच बदमाशों ने फायरिंग कर दी और गोली उनके बाएं पैर में लगी। घटना को अंजाम देकर बदमाशा हथियार लहराते हुए रोसड़ा की ओर भाग निकले। इधर, फायरिंग की आवाज सुनकर स्थानीय लोग घटना स्थल पर जुट गए। आनन फानन में जख्मी को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जख्मी के बाएं पैर में दो गोली लगी है। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। मामला भूमि विवाद का बताया जा रहा है। विशनपुर चौक पर तीन कट्ठा जमीन को लेकर पीड़ित का किसी व्यक्ति से विवाद चल रहा था। जो गांव का ही बताया जा रहा है। सदर डीएसपी प्रतिश कुमार ने बताया कि घटना के बाद संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार युवक की पहचान विशनपुर के ही गुडडु कुमार के रूप में हुई है। थानाध्यक्ष विक्रम आचार्य ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।