Bihar Election 2020: मुजफ्फरपुर में चुनाव को लेकर सीमा सील, 53 जगहों पर बनाए गए चेकिंग प्वाइंट
Bihar Election 2020 सभी जगहों पर बनाया गया ड्रॉप गेट आने-जाने वाले वाहनों की जांच के लिए पुलिस पदाधिकारियों की हुई प्रतिनियुक्ति। सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए गए हैं। लोगों को सुरक्षा का अहसास कराने के लिए पहले फ्लैग मार्च किए गए।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। तीसरे चरण के चुनाव को लेकर जिले की सभी सीमाओं को सील कर दिया गया है। इसके लिए 53 जगहों पर चेङ्क्षकग प्वाइंट बनाया गया है। इसे लेकर जिलाधिकारी व एसएसपी ने संयुक्त आदेश जारी किया है। इसमें दरभंगा, सीतामढ़ी, समस्तीपुर, वैशाली, शिवहर, पूर्वी चंपारण व सारण जिले से सटने वाले 43 सीमावर्ती जगहों पर सीमा सील किया गया है। वहीं, जिले के अंदर 10 जगहों पर सीमा सील के साथ चेक पोस्ट बनाया गया है। इन सभी जगहों पर ड्रॉप गेट की व्यवस्था की गई है, ताकि स्वतंत्र व निष्पक्ष मतदान संपन्न कराने के लिए असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखते हुए नियंत्रित किया जा सके। आदेश में डीएम ने कहा है कि मतदान की समाप्ति तक गुजरने वाले वाहनों की जांच करेंगे। इसके लिए इन सभी जगहों पर पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
मतदान केंद्रों के 200 मीटर की दूरी में नहीं चलेंगे वाहन
मतदान केंद्रों के आसपास के इलाकों में वाहन नहीं चलेंगे। सिर्फ चुनाव कार्य वाले वाहन इन इलाकों से जाएंगे। डीएम ने कहा कि अगर कोई ट्रिपल लोडिंग या तेज गति से वाहन चलाते हुए गुजरता है तो उन्हे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एनएच व स्टेट हाइवे पर वाहन चलेंगे। मतदान करने जाने को लेकर निजी वाहन का इस्तेमाल सिर्फ वृद्ध व बीमार व्यक्ति के लिए किया जा सकता है। बूथ से दो सौ मीटर की दूरी पर वे अपनी वाहन लगाएंगे। इसके अलावा सभी आवश्यक सेवाओं के वाहनों का परिचालन जारी रहेगा। जिससे लोगों को कम से कम परेशानी हो। उन्हें मतदान केंद्र तक आने में कहीं भी परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। हालांकि चुनाव होने की वजह से इस क्षेत्र के सभी कार्यालयों में चुनाव के दिन अवकाश की घोषणा हाेती है। बावजूद आने जाने वालों के वाहनों को नहीं रोकने के लिए कहा गया है। सुरक्षा के लिहाज से जांच की प्रक्रिया से सभी से गुजरने का आग्रह भी किया जा रहा है।