पंच क्या बने खुद को 'हिटलर' ही मान बैठे... बिहार की इस पंचायती के फैसले पर लोग कर रहे थू-थू
Bihar Crime बिहार के मुजफ्फरपुर जिला अंतर्गत कटरा थाना क्षेत्र की है घटना। किशोर के एक छोटो से जुर्म के लिए इतनी सख्त सजा सुनाए जाने का वीडियो वायरल होने के बाद सक्रिय हुई पुलिस। तीन लोगों को आरोपित कर कार्रवाई शुरू।
कटरा (मुजफ्फरपुर), संस। बिहार का मुजफ्फरपुर जिला फिर से चर्चा में है, लेकिन गलत वजहों से। जिला अंतर्गत कटरा थाना क्षेत्र के धुबौली गांव में एक किशोर ने तराजू चोरी कर ली। उसे पकड़ने के बाद पहले तो पिटाई की गई और उसके बाद पंचायती के दौरान शर्मनाक सजा सुनाई गई। ऐसी सजा, जिसके बारे में सुनकर लोगों का मन घृणा से भर जाता है। ंउपस्थित पंचों ने किशोर से थूक चटवाया। इस गैरइंसानी फैसले की हर ओर निंदा हो रही है। पंचायत के दौरान किसी ने वीडियो बना कर उसे इंटरनेट मीडिया पर अपलोड कर दिया। वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पिटाई के बाद आरोप स्वीकार कर ली
प्राप्त जानकारी के अनुसार कटरा थाना क्षेत्र के धुबौली गांव में एक दुकानदार का तराजू चोरी हो गया था। खोजबीन के दौरान इसका आरोप एक किशोर पर लगा। रविवार की रात आरोपित किशोर को पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने आरोप से इंकार कर दिया। इसके बाद उसकी पिटाई शुरू कर दी गई। दबंगों ने उसकी जमकर पिटाई की। माना जा रहा है कि इससे बचने के लिए उसने चोरी के आरोप को स्वीकार कर लिया। इसके बाद मामले की पंचायती शुरू हुई।
थूक कर चाटने को कहा गया
इस दौरान भविष्य से इस तरह की घटना नहीं करने की चेतावनी के साथ ही साथ उसे थूक कर चाटने को कहा गया। पंचों ने अमानवीय फैसला सुना दिया। इसे सुन उपस्थित लोग भी सन्न रह गए। फैसला सुनाने वाले गांव के दबंग लोग थे। इसलिए किसी की हिम्मत नहीं हुई कि इसका विरोध किया जाए। आरोपित किशोर ने भी गुहार लगाई। हाथ जोड़े, लेकिन पंचों का कलेजा नहीं पसीजा तो नहीं पसीजा। कोई और उपाय न देख किशोर ने पंचों के आदेश का पालन किया।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस सक्रिय हुई
इस पंचायत की कार्रवाई और थूक चटवाने का किसी ने मोबाइल से वीडियो तैयार कर लिया। बाद में इसे इंटरनेट मीडिया पर अपलोड कर दिया। देखते ही देखते ही यह वायरल हो गया। पुलिस तक भी यह वीडियो पहुंचा। इसके बाद पुलिस सक्रिय हुई और पंचों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली। इस बारे में एसएसपी जयंतकांत ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर तीनों आरोपितों उदय ठाकुर, संजय ठाकुर व विजय साह को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि अन्य की पहचान की जा रही है। कानून के हिसाब से इनपर कार्रवाई की जाएगी।