विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर में पहले 159 दाखिल-खारिज आवेदन किए खारिज, फिर खुद ही पलट दिया फैसला; सीओ को अंतिम नोटिस

Published: Sat, 03 Oct 2026 12:02 AM (IST)

एक अंचल अधिकारी (सीओ) मुकेश कुमार पर आरोप है कि उन्होंने सरकारी नियमों का उल्लंघन करते हुए 150 से अधिक अस्वीकृत दाखिल-खारिज आवेदनों को फिर से स्वीकृत कर दिया।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर । अंचलों में भ्रष्टाचार रोकने के लिए सरकार ने नियम बनाया था कि कोई भी राजस्व अधिकारी अपने आदेश की फिर से समीक्षा या सुनवाई नहीं करेंगे। एक बार राजस्व कोर्ट में किसी तरह के आवेदन पर निर्णय लिया गया तो उसपर ऊपरी कोर्ट ही सुनवाई करेगा।

सरकार के इस नियम को ठेंगा दिखाते हुए एक-दो नहीं बल्कि डेढ़ सौ से अधिक दाखिल-खारिज के अस्वीकृत आवेदनों को फिर से सुनवाई कर स्वीकृत कर दिया गया। वर्तमान में कांटी अंचल के सीओ मुकेश कुमार ने औरंगाबाद के गाेह में इस पद पर रहते ऐसा किया था। उनकी यह गड़बड़ी विभाग ने पकड़ी है।

उनसे नियम विरुद्ध किए गए इस तरह के दाखिल-खारिज को लेकर जवाब मांगा गया। एक साल छह माह से स्पष्टीकरण मांगे जाने के बाद भी यह नहीं दिया। इसे देखते हुए विभाग ने मुकेश कुमार को अंतिम नोटिस भेजा है।

राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अपर सचिव डा. महेंद्र पाल ने इस संबंध में पत्र भेजा है। इसमें लिखा है कि विभाग स्तर पर गठित व अनुशासनिक प्राधिकार द्वारा अनुमोदित आरोप पत्र में यह दर्ज है कि गोह अंचल में आनलाइन दाखिल-खारिज के 159 आवेदनों को अस्वीकृत कर दिया गया।

बाद में इसे नियम के विरुद्ध जाकर स्वीकृत कर दिया गया। यह सरकारी कार्यों में लापरवाही, आदेश की अवहेलना, स्वेच्छाचारिता एवं मनमानेपर को परिलक्षित करता है। इसके लिए बार-बार स्पष्टीकरण मांगा गया, जो अप्राप्त है।

अंतिम बार निर्देशित किया जा रहा है कि अपना स्पष्टीकरण बिंदुवार उपलब्ध कराएं। नहीं भेजने की स्थिति में समझा जाएगा कि कुछ नहीं कहना। विभाग के स्तर से आगे की कार्रवाई की जाएगी।