विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में शिक्षकों के बाद अब लिपिकों का होगा राज्य स्तर पर तबादला, छठ के बाद शुरू होगी प्रक्रिया

Published: Sat, 17 Oct 2026 04:44 AM (IST)

Bihar Education Department Clerk Transfer: बिहार शिक्षा विभाग अब शिक्षकों के बाद लिपिकों का भी राज्य स्तर पर तबादला करेगा। ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. शिक्षकों के बाद अब लिपिकों का तबादला होगा।

  2. वित्तीय अनियमितताओं पर रोक लगाने का उद्देश्य।

  3. छठ महापर्व के तुरंत बाद प्रक्रिया शुरू।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। State Level Transfer Bihar Clerks: बिहार में शिक्षकों के स्थानांतरण के बाद अब शिक्षा विभाग ने लिपिकों (Clerks) पर भी शिकंजा कसने की तैयारी कर ली है।

लगातार मिल रही शिकायतों और वित्तीय गड़बड़ियों की आशंका को देखते हुए विभाग ने अब लिपिकों का तबादला प्रमंडल स्तर के बजाय सीधे राज्य स्तर पर करने का निर्णय लिया है।

माना जा रहा है कि लोक आस्था के महापर्व छठ के तुरंत बाद इस प्रक्रिया को अमलीजामा पहनाया जा सकता है, जिससे वर्षों से एक ही जगह पर जमे कर्मियों में खलबली मच गई है।

एक ही जगह जमे कर्मियों का तबादला

हाल ही में विभागीय स्तर पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इस पूरी रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गई है। विभाग का मानना है कि राज्य स्तर पर स्थानांतरण की व्यवस्था लागू होने से लिपिकों के पदस्थापन में पारदर्शिता आएगी और लंबे समय से एक ही कार्यालय में जमे रहने के कारण होने वाली वित्तीय अनियमितताओं पर रोक लगेगी।

इसको लेकर विभाग पहले ही सभी कर्मियों की पदस्थापन विवरणी मांग चुका है, जिसके आधार पर वरीयता सूची भी तैयार की जा चुकी है।

नियमावली में संशोधन की प्रक्रिया

वर्तमान व्यवस्था के तहत शिक्षा विभाग के लिपिकों का कैडर प्रमंडल स्तर का होता है। राज्य स्तर पर तबादला सुनिश्चित करने के लिए विभाग को कैडर नियमावली में संशोधन करना होगा।

इस बदलाव के बाद लिपिकों का कैडर राज्य स्तरीय हो जाएगा, जिससे उनका स्थानांतरण बिहार के किसी भी जिले के कार्यालय में किया जा सकेगा।

कर्मचारियों में बढ़ी बेचैनी

इस नए बदलाव की सुगबुगाहट से उन कर्मचारियों की बेचैनी काफी बढ़ गई है जो एक ही जिले या कार्यालय में लंबे समय से जड़े हुए थे।

नए नियमों के तहत अब इन कर्मियों को अपनी सुविधानुसार पोस्टिंग छोड़कर दूसरे दूर-दराज के जिलों में भी जाना पड़ सकता है।

शिक्षा विभाग का यह कदम प्रशासनिक कसावट और कार्यालयों की कार्यप्रणाली में सुधार की दिशा में एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें- बिहार में ट्रांसफर का पोर्टल खुलते ही एप्लीकेशन की रफ्तार तेज, 6000 से अधिक टीचरों ने भरा आवेदन