बिहार में BPSC TRE 1 2 और 3 के तहत बहाल शिक्षकों की होगी जांच, जमा करने होंगे सभी सर्टिफिकेट
BPSC TRE Teacher Verification: बिहार में बीपीएससी टीआरई 1, 2 और 3 के शिक्षकों के प्रमाण पत्रों की गहन जांच ...और पढ़ें

कई शिक्षकों के प्रमाण-पत्र अब तक विभाग को उपलब्ध नहीं कराए गए थे।
HighLights
बीपीएससी टीआरई 1, 2, 3 शिक्षकों के प्रमाण पत्रों की जांच तेज।
डीईओ ने लंबित शैक्षणिक व अन्य दस्तावेजों को जल्द उपलब्ध कराने को कहा।
शिक्षकों में दोबारा सत्यापन को लेकर नाराजगी और संशय व्याप्त।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। BPSC TRE Teacher Verification: बिहार में बीपीएससी (BPSC) के माध्यम से बहाल हुए शिक्षकों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
राज्य में टीआरई-1, टीआरई-2 और टीआरई-3 के तहत नियुक्त शिक्षकों के शैक्षणिक व अन्य प्रमाण पत्रों की गहन जांच की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
डीईओ ने जारी किया निर्देश
विभाग के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने सभी प्रखंड शिक्षा अधिकारियों (BEO) को पत्र भेजा है। इसमें संबंधित शिक्षकों के शैक्षणिक, प्रशैक्षणिक और अन्य आवश्यक प्रमाण-पत्रों की स्व-अभिप्रमाणित (Self-Attested) छायाप्रति जल्द से जल्द उपलब्ध कराने को कहा गया है।
लंबित दस्तावेजों की होगी जांच
दरअसल, इससे पहले भी विभिन्न चरणों में नियुक्त शिक्षकों की अर्हता जांच के निर्देश दिए गए थे। हालांकि, कई शिक्षकों के प्रमाण-पत्र अब तक विभाग को उपलब्ध नहीं कराए गए थे।
ऐसे में अब लंबित दस्तावेजों को प्राप्त कर तेजी से जांच पूरी की जा रही है।
इन कागजातों की होगी जांच
अर्हता जांच के दौरान शिक्षकों के शैक्षणिक व प्रशैक्षणिक प्रमाण-पत्र, टीईटी/सीटीईटी पासिंग सर्टिफिकेट, जाति और निवास प्रमाण-पत्र का मिलान किया जाएगा।
इसके अलावा आरक्षण का लाभ लेने वाले शिक्षकों के दस्तावेजों और नियुक्ति पत्र का भी सत्यापन होगा।
शिक्षकों ने उठाए सवाल
दूसरी ओर, इस जांच को लेकर कई शिक्षकों में नाराजगी और संशय है। शिक्षकों का कहना है कि बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) के स्तर से नियुक्ति से पहले ही सभी दस्तावेजों का सत्यापन हो चुका था।
ऐसे में बार-बार जांच के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है।
यह भी पढ़ें- बिहार बीपीएससी शिक्षक नियुक्ति : प्रमाण पत्रों की होगी जांच, आप ये सभी कागजात कर लें तैयार
