बिहार के 21 पुराने एयरपोर्ट पर फिर जगी उड़ान की आस, सरकार ने शुरू की कवायद
बिहार के 21 असंचालित हवाई अड्डों पर भविष्य में विमान सेवा शुरू करने की संभावनाओं को देखते हुए अतिक्रमण हटाने ...और पढ़ें

मुजफ्फरपुर का पताही एयरपोर्ट। जागरण
HighLights
21 जिलों में असंचालित हवाई अड्डों पर विमान सेवा की तैयारी।
अतिक्रमण हटाकर हवाई अड्डे की भूमि को सुरक्षित किया जा रहा।
मुजफ्फरपुर के पताही हवाई अड्डे पर मरम्मत कार्य जारी है।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर । राज्य के 21 जिलों में असंचालित हवाई अड्डों से भविष्य में विमान सेवा शुरू करने की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। इसके लिए इन हवाई अड्डाें की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के साथ राजस्व अभिलेख को संरक्षित करने की कवायद तेज कर दी गई है।
सिविल विमानन विभाग के सचिव ने मुजफ्फरपुर समेत 21 जिलों के जिलाधिकारियों को पत्र भेजा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में पिछले दिनों हवाई अड्डों की परिसंपत्तियों को लेकर समीक्षा की गई थी।
इसके आलोक में सभी जगहों से अतिक्रमण को पूरी तरह से खाली कराने का निर्णय लिया गया है, ताकि भविष्य में कभी भी संभावना हो तो इसका विस्तारीकरण और विकसित कर हवाई सेवा चालू किया जा सके।
सचिव ने मुजफ्फरपुर के अलावा बेगूसराय, भागलपुर, सुपौल, रोहतास, सारण, किशनगंज, मधुबनी, मुंगेर, सहरसा, पश्चिम चंपारण, कैमूर, नालंदा, बक्सर, भोजपुर, जहानाबाद, पूर्वी चंपारण, कटिहार, गोपालगंज और अररिया जिला के जिलाधिकारियों को इससे अवगत कराया है।
उन्होंने कहा कि जहां हवाई अड्डे की भूमि उपलब्ध है। उसकी मापी और सीमांकन कराते हुए इसे पूरी तरह अतिक्रमण से मुक्त कराया जाए। इसके अलावा राजस्व अभिलेख की समीक्षा कर इसे सुरक्षित और संरक्षित करने की व्यवस्था की जाए, ताकि उक्त भूमि पर किसी प्रकार का विवाद नहीं हो और कोई दावा नहीं करे।
हवाई अड्डे पांच-पांच दशक से अधिक पुराने
विदित हो कि इन जिलों में हवाई अड्डा पांच-पांच दशक पुराना है। अब न वहां रनवे दुरुस्त हालत में और न ठोस संरचनाएं बची हैं। चहारदीवारी भी जर्जर हो चुकी है।
मुजफ्फरपुर, भागलपुर में हवाई सेवा शुरू करने की तैयारी चल रही है। मुजफ्फरपुर में पताही हवाई अड्डा से छोटी विमान सेवा की शुरुआत की जाएगी।
इसे लेकर हवाई अड्डा परिसर में रनवे की मरम्मत करने के साथ पार्किंग वे, टैक्सी वे और कार्यालय भवन का निर्माण कार्य किया जा रहा है। पूर्व में यहां पर अतिक्रमण था, जिसे अब खाली कराकर चहारदीवारी बनाई जा रही है। जबकि कुछ जिलों में अभी अतिक्रमण की समस्या बरकरार है।
उड़ान योजना के तहत छोटे शहरों को हवाई सेवा से जोड़ने की संभावना
दरअसल, केंद्र सरकार की उड़ान योजना के तहत छोटे शहरों को हवाई सेवा से जोड़ने की तैयारी है। अगर जमीन अतिक्रमण मुक्त रहेगी तो भविष्य में इसका विस्तार और विकास आसानी से हो सकेगा। इन हवाई अड्डों के चालू होने से क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन और रोजगार बढ़ेगा और आपदा के समय राहत कार्यों में भी मदद मिलेगी।
