भजन गायक अनूप जलोटा अब उर्दू में सुनाएंगे गीता
भजन गायकी में अपनी पहचान बना चुके प्रसिद्ध गायक अनूप जलोटा अब जल्द ही उर्दू में गीता सुनाएंगे। इंतजार है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से उनके संग्रह के लोकार्पण का।
मुजफ्फरपुर। भजन गायकी में अपनी पहचान बना चुके प्रसिद्ध गायक अनूप जलोटा अब जल्द ही उर्दू में गीता सुनाएंगे। इंतजार है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से उनके संग्रह के लोकार्पण का। गोपालगंज जाने के क्रम में शहर पहुंचे गायक अनूप जलोटा ने ये जानकारी दी। बताया कि उर्दू में जो गीता वह सुनाने जा रहे हैं उसमें 1500 शायरी को समाहित किया गया है। शायद उसको भी लोग सुनने के बाद लंबे समय तक याद रखेंगे।
उत्तर बिहार होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष मो.जुनैद खान, बाल अधिकार कार्यकर्ता आनंद कुमार उर्फ सोनू सिंह, पंकज पटवारी, आशुतोष पांडेय, अविनाश तिरंगा आदि ने जलोटा के साथ गायिका नीताशा अग्रवाल को बुके देकर सम्मानित किया। बिग बॉस एक मनोरंजन : बिग बॉस में इंट्री और उसके बाद उन पर सोशल मीडिया पर चली टीका-टिप्पणी के सवाल पर कहा कि वह एक मनोरंजन था। उसको एक सिनेमा मानें। मेरे लिए वह एक माह पेड हॉलीडे की तरह था। काम व गायन से मुक्ति मिली तथा पूरी तरह से आराम व मनोरंजन किया। आज आपके बीच फिर वहीं गायक अनूप जलोटा हाजिर है। रिमिक्स मेहमान की तरह : पारंपरिक गीत-संगीत अजर-अमर हैं। उसपर किसी भी पश्चिमी संगीत या फिर रिमिक्स का कोई प्रभाव नहीं पड़ने वाला। वह मेहमान की तरह होता है। जिस तरह से मेहमान ज्यादा दिन तक आपके घर में नहीं रहते वह भी नहीं टिकता। टिकते हैं तो अपने पुराने शास्त्रीय या पारंपरिक लोकगीत व संगीत। आज भी ऐसी लागी लगन. वाला भजन सबकी जुबान पर है। बिहार के लोकगीत बेजोड़ : जलोटा ने कहा कि बिहार के लोकगीत बेजोड़ हैं। उनका जवाब नहीं है। आज लोक गायिका पदमभूषण शारदा सिन्हा के गीत सिने जगत में छाए रहते हैं। मोतिहारी में आयोजित चंपारण सांस्कृतिक महोत्सव में उनको जो सम्मान मिला आज भी याद है। इसकी चर्चा वह करते रहते हैं। बिहार के श्रोता और सत्कार के वह कायल हैं। जब भी बुलावा आता अवश्य आते हैं।