साक्षी की राह पर बेतिया की युवती, वीडियो अपलोड कर पिता से किया यह अनुरोध Betiah News
बेतिया के छावनी में किराना व्यवसायी ने रचाई अंतरजातीय शादी। विडियो में लड़की कह रही है- पापा हम शादी कर चुके हैं प्लीज धमकी देना बंद करिए।
पश्चिम चंपारण, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के बरेली के विधायक की पुत्री साक्षी की कहानी अब कस्बाई इलाकों में भी दोहराई जाने लगी है। नगर के छावनी मोहल्ले के एक प्रेमीयुगल ने शादी के बाद उसी तर्ज पर एक विडियो वायरल किया है। यह शहर से लेकर गांव तक विभिन्न वाट्स एप ग्रुपों व फेसबुक पर देखा जा रहा है। मोहल्ले के किराना व्यवसायी नितेश यादव के साथ अंतरजातीय शादी रचाने वाली युवती के अनुसार उसे उसके परिवार वालों की ओर से धमकी मिल रही है। दोनों छिपकर किसी जगह पर रह रहे हैं।
वायरल विडियो में लड़की उत्तरप्रदेश के बरेली के विधायक राजेश मिश्रा की पुत्री साक्षी की तर्ज पर कह रही है- पापा, हम शादी कर चुके हैं, प्लीज धमकी देना बंद करिए। यह सब दिखावटी नहीं है। यह सब सही है। आप लोग पहले भी धमकी दे चुके है कि शादी नहीं हो सकता, मार देंगे।
घर पर जाकर भी आपलोग धमकी दे चुके थे। अगर हमलोगों को कुछ हुआ तो उसके जिम्मेवार आपलोग होंगे। इसकी (प्रेमी नितेश यादव) फैमली को तंग करना बंद कर दीजिए आपलोग। पुलिस, दारोगा करके आप लोगों को कुछ नहीं मिलेगा। अगर आपलोग ये सोचते है कि हमलोगों को नाबालिग में फंसा देंगे तो यह आपकी भूल होगी। लड़की विडियो में अपना आधार कार्ड भी दिखाती है और कहती है- हमारे पास आधार कार्ड दिखाने के लिए है। इतना ही नहीं लड़की यह भी कहती है कि-हमलोगों को शादी करने की उमर है। पापा हम अपने पति के साथ है और पूरी तरह सेफ है। आपलोग धमकी देना बंद कीजिए।
सबसे आश्चर्य की बात विडियो में एक जगह पर अपना संवाद करने के बाद जब उसका प्रेमी संवाद शुरू कर रहा होता है तो लड़की विडियो में मुस्कुरा रही है। इधर, इस बाबत पूछे जाने पर कालीबाग ओपी के प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि उन्हें भी इस तरह की वीडियो वायरल होने की सूचना मिली है। अब तक की छानबीन में मालूम चला है कि लड़की बालिग है। आवेदन मिलने पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस किसी को परेशान नहीं करेगी। इधर, इस विडियो के वायरल होने पर लोगों ने तरह तरह की चर्चा करनी शुरू कर दी है। कुछ लोगों का कहना है कि साक्षी प्रकरण के बाद से इस प्रकार का विडियो वायरल करने का फैशन बनने लगा है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप