रात में पति के खिलाफ थाने में शिकायत, सुबह मुजफ्फरपुर के होटल में फंदे से लटका मिला महिला का शव
मुजफ्फरपुर के गोबरसही चौक स्थित एक होटल के कमरे में बेगूसराय की 29 वर्षीय महिला निगम कुमारी का शव फंदे ...और पढ़ें

मुजफ्फरपुर के होटल में जांच में जुटी पुलिस।
HighLights
मुजफ्फरपुर होटल में बेगूसराय की महिला का शव फंदे से मिला।
निगम कुमारी का शव कमरे में अंदर से बंद पाया गया।
पुलिस और एफएसएल टीम मामले की गहनता से जांच कर रही है।
संदीप कुमार, मुजफ्फरपुर । सदर थाना क्षेत्र के गोबरसही चौक स्थित एक होटल के कमरे में सोमवार की सुबह एक महिला का शव फंदे से लटका मिला। सूचना पर सदर थाने की पुलिस होटल पर पहुंची।
एफएसएल टीम की मौजूदगी में मास्टर चाबी से कमरे को खोला गया। एफएसएल ने कई साक्ष्य संकलन किए। इसके बाद पुलिस ने शव काे पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया।
सदर थानाध्यक्ष नवलेश कुमार आजाद ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। कमरा अंदर से बंद था। स्वजन से संपर्क हुआ है। वे लोग मुजफ्फरपुर आ रहे हैं।
मृत महिला की पहचान बेगूसराय के अहमदपुर विद्यौल इलाके के निगम कुमारी (29) के रूप में हुई है। वह गुजरात में नौकरी करती थी। स्वजन के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला कि निगम कुमारी रविवार को बेगूसराय पहुंची थी। रविवार की देर रात उसने पति मदन कुमार के खिलाफ अहमदपुर विद्यौल थाने में शिकायत की थी। इसके बाद वह मुजफ्फरपुर आ गई।
यहां गोबरसही चौक स्थित एक होटल में कमरा लेकर ठहर गई। सोमवार को रूम सर्विस कर्मी सफाई के लिए कमरे का दरवाजा खटखटाता रहा, लेकिन अंदर से जवाब नहीं मिला। इसके बाद इसकी जानकारी उसने होटल मैनेजर को दी।
अनहोनी की आशंका पर मैनेजर ने कमरे की बालकनी से झांककर देखा तो महिला का शव फंदे से लटका हुआ था। इसके बाद तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन की। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल की जांच रिपोर्ट से मौत के सही कारण का पता चलेगा।
