जिले में अपनी नींव मजबूत करेगी कांग्रेस
बुधवार को तिलक मैदान स्थित पार्टी कार्यालय में प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा एवं बिहार प्रभारी भक्त चरण दास के साथ जिले के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की बैठक हुई।
मुजफ्फरपुर : बुधवार को तिलक मैदान स्थित पार्टी कार्यालय में प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा एवं बिहार प्रभारी भक्त चरण दास के साथ जिले के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। बैठक में जिले में कांग्रेस की नींव मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया। किसानों के आंदोलन को पूरी ताकत के साथ समर्थन देने एवं ग्रास रूट पर पार्टी को सबल बनाने का लक्ष्य तय किया गया। जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार मुकुल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में प्रदेश अध्यक्ष एवं बिहार प्रभारी के अलावा प्रदेश के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. अशोक राम, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष अमिता भूषण, पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं विधान पार्षद प्रेमचंद्र मिश्रा, नगर विधायक विजेंद्र चौधरी, राष्ट्रीय सचिव चंदन यादव, ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सदस्य जितेंद्र कुमार मंडल, पूर्व सांसद उषा सिन्हा, आइटी सेल के प्रदेश अध्यक्ष संजीव सिंह, युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गुंजन पटेल, पार्टी नेता मंयक कुमार मुन्ना शामिल रहे। कार्यक्रम के दौरान अराजकता का माहौल रहा। पार्टी के कई बड़े नेताओं को बैठने तक को कुर्सी नहीं मिली। वे बाहर मैदान में खड़ा दिखे। जिले के एकमात्र कांग्रेस विधायक को मंच पर बैठने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। कई नेता व्यवस्था को लेकर नाराज दिखे। एक तरफ बड़े नेता कार्यकर्ताओं में अपने भाषण से ऊर्जा भरते नजर आए और बाहर व्यवस्था के मारे नेता एवं कार्यकर्ता स्थानीय संगठन को कोसते नजर आए। बैठक में कौशल किशोर चौधरी, जिला प्रवक्ता वेद प्रकाश, कार्यकारी जिलाध्यक्ष सूरज दास, कृपाशंकर शाही, मनौवर आजम, उमेश राम, अनुनय सिंह, संजय सिंह, सविता श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।