भाजपा के पूर्व सांसद का बयान- अयोध्या में छह दिसंबर से शुरू होगा राम मंदिर का निर्माण
भाजपा के पूर्व सांसद रामविलास दास वेदांती महाराज ने कहा कि 80 फीसद मुस्लिम भी अयोध्या में राम मंदिर बनने के पक्ष में हैं। छह दिसंबर से राम मंदिर का निर्माण कार्य शुरू होगा।
मुजफ्फरपुर [जेएनएन]। वर्ष 1528 में राम जन्मभूमि में विवादित ढांचा बनाया गया। इसके लिए कोई आदेश नहीं लिया गया। छह दिसंबर 1992 को उस ढांचे को तोड़ दिया गया। इसके लिए भी कोई आदेश नहीं लिया गया। इसलिए अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के लिए किसी आदेश की जरूरत नहीं। इस वर्ष छह दिसंबर से राम मंदिर का निर्माण शुरू कर दिया जाएगा। ये बातें राम जन्मभूमि न्यास के वरिष्ठ सदस्य व पूर्व सांसद डॉ. रामविलास दास वेदांती महाराज ने शनिवार को कही।
उन्होंने कहा कि संतों का आदेश मंदिर के लिए हो चुका है। वहीं देश के 80 फीसद मुस्लिम समुदाय के लोग भी अयोध्या में राम मंदिर के पक्ष में हैं। बोचहां विधायक बेबी कुमारी के आवास पर प्रेस वार्ता में डॉ. वेदांती ने कहा कि मंदिर भाजपा के एजेंडा में था और रहेगा। राज्यसभा में बहुमत होता तो इसके लिए कानून बनाया जाता। मगर, अब मंदिर निर्माण होकर रहेगा। 15 वर्षों में यह तैयार हो जाएगा।
आतंकवाद, भ्रष्टाचार मुक्त देश के लिए काम कर रहे मोदी
केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि पहला बेहतर काम आतंकवाद का खात्मा हुआ। अब देश में जहां-तहां बम विस्फोट नहीं हो रहे। आतंकवादी ने या तो देश छोड़ दिया या जेल में बंद हैं। सबका साथ, सबका विकास करते हुए मोदी ने देश में ऊंच-नीच व जातिवाद का खात्मा किया। इसके साथ ही भ्रष्टाचार भी देश से समाप्त हो रहा। उन्होंने कांग्रेस पर संत समाज में भेद करने व देश के माहौल को खराब करने का आरोप लगाया। साथ ही यह भी कहा कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा। 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को पिछले चुनाव से भी अधिक सीटें मिलेंगी।
नीतीश-मोदी कर रहे बेहतर काम
राज्य में जदयू-भाजपा गठबंधन की सरकार की उन्होंने प्रशंसा की। कहा, लालू प्रसाद ने सबसे प्रदूषित शासन दिया। इसके उलट नीतीश व सुशील मोदी ने बिहार में बेहतर शासन दिया।