माता जानकी की जन्मस्थली के विकास के लिए गांव-गांव में चलेगा जागरूकता अभियान
मां जानकी जन्मोत्सव आयोजन समिति चलाएगी अभियान।जानकी जन्मस्थली के विकास के लिए राज्य व केंद्र सरकार को भेजा जाएगा पोस्टकार्ड।
सीतामढ़ी, जेएनएन। अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण शुरू होने के बाद मां जानकी की जन्मभूमि सीतामढ़ी के उद्धार के लिए आवाज बुलंद होने लगी है। इसके लिए मां जानकी जन्मोत्सव आयोजन समिति गांव-गांव जन जागरण अभियान चलाएगी। घर-घर जाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा। साथ ही राज्य व केंद्र सरकार को पोस्टकार्ड भेजा जाएगा। इसके लिए समिति के अध्यक्ष आलोक कुमार व कार्यकारिणी सदस्य विशाल कुमार के नेतृत्व में टीम का गठन किया जाएगा।
लोग इसके लिए संवेदनशली नहीं
समिति के अध्यक्ष आलोक कुमार कहते हैं कि माता सीता की जन्मस्थली को पर्यटन के क्षेत्र में प्रतिष्ठित करने का दायित्व यूं तो माता के प्रत्येक भक्त का है। लेकिन, राजनीतिक चेतना एवं सामाजिक सजगता के अभाव में लोग इसके प्रति प्रयत्नशील नहीं हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प भगवान श्री राम के प्रति आगाध एवं अटूट है। श्री राम जन्मभूमि अयोध्या में मंदिर निर्माण के लिए किया गया भूमि पूजन इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है। लेकिन, मातृ शक्ति के उत्थान की बात करने के बावजूद प्रधानमंत्री मोदी ने कभी जगत जननी मां जानकी की जनमस्थली के उत्थान की बात नहीं की।
डिजिटल माध्यम का सहारा
जानकी जन्मोत्सव आयोजन समिति मां जानकी जन्मस्थली के विकास व मातृ शक्ति के उत्थान के लिए गांव-गांव जागरूकता अभियान चला कर लोगों को जागरूक करेगी। माता के प्रति श्रद्धा रखने वाले प्रत्येक भक्त के अंदर यह अहसास भरेगा कि जब तक मां जानकी की जन्मस्थली को सम्मान नहीं मिलता हम चैन से नहीं बैठेंगे। डिजिटल माध्यम से इस मुद्दे को गांव-गांव ले जाकर पोस्टकार्ड अभियान चलाएंगे। समिति के कार्यकारिणी सदस्य विशाल कुमार कहते हैं कि कितना भी भव्य श्री राम मंदिर का निर्माण कर लिया जाए लेकिन जब तक मां जानकी की जन्मस्थली का विकास नहीं किया जाता तबतक सियाराम का उदघोष सार्थक नहीं होगा। मिथलांचल के लोगों को इस मुद्दे को स्वाभिमान व सम्मान से जोड़ना होगा। पारंपरिक एवं आधुनिक अवसरों का उपयोग करना होगा। इसके लिए समिति की ओर एक् कमेटी का गठन किया जाएगा।