RLSP के बंद का मिला-जुला असर, समस्तीपुर में आवागमन ठप
शनिवार को पटना में रालोसपा के आक्रोश मार्च के दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज किया था। इसमें उपेंद्र कुशवाहा भी घायल हो गए। इसके खिलाफ पार्टी ने बिहार बंद का आह्वान किया है।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा पर पुलिस लाठी चार्ज को लेकर पार्टी के लोगों में गुस्सा है। पार्टी की ओर से सोमवार को बिहार बंद का आह्वान किया गया। जिसका असर उत्तर बिहार के अलग अलग जिलों में मिला- जुला दिख रहा है।
मधुबनी में अबतक कोई असर नहीं
मधुबनी शहर में अबतक कोई असर नहीं देखा जा रहा है। यहां बाजार अन्य दिनों की तरह खुले हैं। सड़कों पर वाहनों की आवाजाही देखी जा रही है। जयनगर-मधुबनी रेल खंड पर ट्रेनों की आवाजाही अन्य दिनों की तरह जारी है। शहर के किसी भी चौक-चौराहो पर बंद समर्थक रालोसपा नेता, कार्यकर्ता अबतक नजर नहीं आ रहे हैं। हालांकि जयनगर अनुमंडल मुख्यालय सहित जिले की चंद जगहों पर रालोसपा समर्थकों द्वारा नारेबाजी और चौक-चौराहों की बंदी की सूचना भी है।
मोतिहारी में कार्यकर्ताओं ने काराया बंद
रालोसपा प्रमुख के साथ हुए पुलिस ज्यादती के खिलाफ बिहार बंद का असर मोतिहारी में भी दिख रहा है। गांधी चौक पर राजद,हम और रालोसपा के कार्यकर्त्ताओं ने बंद कराया।मुख्य सड़क पर सन्नाटा रहा। दुकानें बंद हैं।
समस्तीपुर में ओवरब्रिज चौराहे से जाम की शुरुआत
समस्तीपुर में बिहार बंद के दौरान रालोसपा के कार्यकर्ताओं ने शहर के ओवरब्रिज चौराहे से जाम की शुरुआत की। दुकानों को भी जबरन बंद कराया। सड़क जाम होने से यात्री परेशान दिखे। जिले के रोसड़ा में भी रालोसपा,सीपीएम एवं भीआईपी कार्यकर्ताओं ने किया सड़क जाम। एस एच 55 एवं 88 समेत विभिन्न सड़कों पर यातायात किया ठप।
सीतामढ़ी में महागठबंधन ने दिया धरना
सीतामढ़ी के कारगिल चौक पर महागठबंधन के नेताओं ने एक साथ मिलकर सड़क जाम कर धरना दिया। उपेंद्र कुशवाहा पर हुए लाठी चार्ज को लेकर सरकार के विरोध में नारेबाजी की।