घर से विवाहिता को उठाने का प्रयास, एक को दबोचा
मुशहरी थाना क्षेत्र के एक गांव में उस समय हंगामा हो गया जब शहर की ओर से पांच-छह लोग आए और घर में घुसकर सोते समय विवाहिता को जबरन उठा कर ले जाने का प्रयास किया।
मुजफ्फरपुर। मुशहरी थाना क्षेत्र के एक गांव में उस समय हंगामा हो गया जब शहर की ओर से पांच-छह लोग आए और घर में घुसकर सोते समय विवाहिता को जबरन उठा कर ले जाने का प्रयास किया। उसके शोर मचाने पर पांच आरोपित तो भाग निकले, लेकिन एक को नशे की हालत में दबोच लिया गया। उसे पुलिस थाना ले गई। उससे पूछताछ की जा रही है। वह थाना में भी हंगामा करता रहा ।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि पीड़िता के ससुर की सत्तू की दुकान थी। उसने आरोपितों से कर्ज लिया था। इसे वापस किए बिना वह अपने मूल घर आजमगढ़ चला गया। शहर छोड़ने से पहले थाना क्षेत्र में ही पुत्र की शादी कर दी थी। वह अपनी ससुराल में रहता है। इसकी जानकारी होने पर उससे रुपये की मांग की जा रही है। पीड़िता के पति का कहना था कि उसे जानकारी नहीं है कि पिता ने किससे व कितने रुपये लिए थे। सोमवार सुबह पांच-छह लोग आए और पैसा की मांग की। उसने असमर्थता जताई तो वापस चले गए। इसके बाद फिर आए और घर में घुसकर खाट पर सो रही पत्नी को उठाकर ले जाने लगे। शोर पर ग्रामीणों आ गए।
पुलिस न आती हो जा सकती थी जान : ग्रामीण इतने उग्र थे कि अगर पुलिस तत्काल नहीं पहुंचती तो आरोपित की जान भी जा सकती थी। पुलिस उसे थाने ले आई। उसने अपना नाम पंकज कुमार पिता स्व. त्रिलोकी प्रसाद राय सुंदर बाग माली घाट बताया है। जांच में नशे की पुष्टि हुई है।
कोट
प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पकड़े गए व्यक्ति को मंगलवार को जेल भेजा जाएगा। उसके साथियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
विकास कुमार राय, थानाध्यक्ष