मुजफ्फरपुर में शराब धंधेबाज को पकडऩे गई पुलिस टीम पर हमला, एसआइ समेत तीन जवान जख्मी
Muzaffarpur Crime महिलाओं पर पुलिस के लाठीचार्ज का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर हुआ वायरल। अपना बचाव करने के लिए पुलिस ने भांजी लाठियां आरोपित व उसके स्वजन हुए आंशिक चोटिल। सूबे में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब बेचने और पीने वाले सक्रिय हैं।
गायघाट (मुजफ्फरपुर), जासं। थाना क्षेत्र के रामनगर गांव में शराब धंधेबाज को पकडऩे गई पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। घटना रविवार अलसुबह साढ़े तीन बजे की बताई जा रही है। इस घटना में एक एसआइ समेत दो होमगार्ड के जवान चोटिल हो गए। वहीं बचाव में पुलिस को लाठियां भी भांजनी पड़ीं। इसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है।
थानाध्यक्ष अनूप कुमार ने बताया कि 20 जनवरी 2017 को मद्य निषेध अधिनियम के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसमें आरोपित रामनगर गांव के दीपक कुमार को पकडऩे के लिए पुलिस की टीम गई थी। इसी बीच दीपक के परिवार के लोगों ने पुलिस टीम पर पत्थरबाजी कर दी। इसमें एसआइ कुमार प्रमोद सिंह और होमगार्ड के जवान दिनेश्वर ठाकुर व अरुण कुमार चोटिल हो गए। अपने बचाव में पुलिस ने भी लाठीचार्ज किया। इसमें अभियुक्त दीपक कुमार, भाभी सरिता सिंह व भतीजा अक्षय कुमार आंशिक रूप से चोटिल हो गए। इसके बाद इन लोगों ने पुलिस के लाठीचार्ज का इंटरनेट मीडिया पर वीडियो वायरल कर दिया।
इधर, मामले में गायघाट रामनगर की सरिता सिंह ने एसएसपी को आवेदन दिया है। इसमें बताया कि रात में घर में सो रही थीं। इसी दौरान गायघाट थाने की पुलिस जबरन घर में घुस आई। सामान इधर-उधर फेंकने लगी। पूछे जाने पर उनके व बेटे के साथ मारपीट की। डीएसपी पूर्वी मनोज पांडेय ने बताया कि शराब मामले में दीपक सिंह आरोपित है। उस पर कई केस दर्ज हंै। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में गई थी। इस पर महिलाओं को आगे कर आरोपित को भगा दिया गया। पुलिस पर पिटाई का आरोप निराधार है।
शराब पीने को नहीं दिए पैसे तो पत्नी व बच्चों को मारपीट कर घर से निकाला
मुजफ्फरपुर। सदर थाना क्षेत्र के सुस्ता इलाके में शराब पीने के लिए पैसा नहीं देने पर एक व्यक्ति ने पत्नी की पिटाई कर दी। आरोपित पति द्वारा महिला के भाई को भी पीटा गया और बंधक बना लिया गया। सूचना पर पहुंची सदर थाने की पुलिस ने आरोपित पति को हिरासत में ले लिया है। साथ ही बंधक बने महिला के भाई को मुक्त कराया। उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भेजा गया। पुलिस का कहना है कि युवक की स्थिति सामान्य होने पर उसका बयान दर्ज किया जाएगा।
मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार को पति द्वारा पत्नी से शराब पीने के लिए पैसे मांगा गया। मना करने पर नशेड़ी पति ने महिला व बच्चों की पिटाई कर दी। इसके बाद सभी को घर से निकाल दिया। महिला की पिटाई को लेकर जब उसका भाई आरोपित से पूछने को गया तो उसके साथ भी मारपीट की गई। उसे बंधक बना लिया गया। इसके बाद महिला ने इसकी शिकायत पुलिस में की।