Indian Railway : चलती ट्रेन में किसी तरह की घटना होने पर प्राथमिकी दर्ज कराने को किया जाएगा जागरूक, नई व्यवस्था को जानें
Indian Railway रेल एसपी ने एफआइआर बुक का लिया जायजा। जंक्शन से खुलने व गुजरने वाली 12 ट्रेनों में सुविधा बहाल।यात्रियों को जागरूक करने को बोगियों में लगाए जाएंगे पोस्टर।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। चलती ट्रेनों में कोई भी घटना होने पर तुरंत प्राथमिकी दर्ज करने की सुविधा शुरू की गई है। इसके लिए यात्रियों को जागरूक करने के लिए ट्रेनों की बोगियों में पोस्टर व स्टीकर लगाए जाएंगे। इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है।
रेल एसपी अशोक कुमार सिंह ने रेल थाने पर मीडिया से मुखातिब होते हुए उक्त बातें कहीं। थाने पर गश्ती दलों को उपलब्ध कराने वाली एफआइआर बुक की भी जांच की। इसके बाद रेल थानाध्यक्ष नंद किशोर सिंह से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यात्रियों के हित में ये सुविधा शुरू की गई है। यात्रियों के बीच इसके प्रचार-प्रसार की जरूरत है। इसके लिए सभी ट्रेनों की बोगी में स्टीकर लगाए जाएंगे। इससे घटना होने के बाद यात्रियों को गश्ती दल से संपर्क करना आसान हो जाएगा।
जंक्शन से खुलने व गुजरने वाली 12 ट्रेनों में गश्ती दल तैनात होते हैं। इनमें नई सुविधा बहाल की गई है। उन्होंने मॉडल रेल थाना के निर्माण स्थल का भी जायजा लिया। ठीकेदार से शीघ्र कार्य शुरू कराने को कहा जा रहा है। रेल थाने को सीसी कैमरे से भी लैस किया गया। थाने में होने वाले प्रत्येक कार्य पर कड़ी नजर रखी जा रही है। लोगों को न्याय दिलाया जाएगा।