बिहार में जब ऑटोरिक्शा वालों ने पुलिस को सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, देखें वीडियो
ऑटोरिक्शा वाले को पुलिस जवान ने गलत साइड चलाने से रोका तो उसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर पुलिस जवान को सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। काफी देऱ तक हंगामा चलता रहा।
मुजफ्फरपुर जेएनएन। अघोरिया बाजार चौराहे पर तैनात यातायात पुलिस के जवान ने एक ऑटोरिक्शा चालक को रॉन्ग साइड चलाने से रोका तो उसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर पुलिस जवान को सरेआम सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। ऑटोरिक्शा चालक के दोस्तों ने पुलिस पर पथराव भी किया। घंटों सड़क पर हंगामा होता रहा और लोग सड़क पर जान बचाने को भागते रहे। किसी ने पुलिस जवान को बचाने की कोशिश नहीं की।
शिवनाथ झा सहित कई यातायात के जवानों ने पास के पांच मंजिला भवन की छत पर किसी तरह छिपकर जान बचाई। कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई।
इसकी सूचना यातायात इंस्पेक्टर व डीएसपी को दी गई। लेकिन, काफी देर तक कोई अधिकारी नहीं पहुंचा। कहा गया कि काजी मोहम्मदपुर थाने की पुलिस को भेजा गया है। जब सभी हमलावर मारपीट कर भाग गए, तब स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची।
हमले में होमगार्ड जवान अनिल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पिस्टल की बट के प्रहार से उनका सिर फट गया है। उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके बयान पर प्राथमिकी दर्ज करने की कवायद चल रही है। इधर होमगार्ड संघ के पूर्व अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार ने सदर अस्पताल पहुंच कर घायल जवान की स्थिति की जानकारी ली।
देखें वीडियो
ये थी घटना
बताया गया कि डिप्टी सीएम का मिठनपुरा इलाके में कार्यक्रम था। इसको लेकर सभी चौराहों पर पुलिस मुस्तैद थी। डिप्टी सीएम का काफिला जाम में नहीं फंसे। इसके लिए अघोरिया बाजार में डीएसपी के साथ कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे। इसमें होमगार्ड के आठ जवान भी यातायात व्यवस्था संभालने को मुस्तैद थे।