दहेज में महज 50 हजार नहीं मिलने पर विवाहिता को जिंदा जलाने का प्रयास, पड़ोसियों ने बचाया
सकरा के बगाही का मामला, महिला जूरन छपरा स्थित निजी अस्पताल में है भर्ती। ब्रह्मपुरा थाने की पुलिस ने दर्ज किया बयान।
मुजफ्फरपुर (जेएनएन)। दहेज में 50 हजार रुपये नहीं देने पर केरोसिन छिड़क कर महिला को जिंदा जलाने के प्रयास का मामला सामने आया है। जूरन छपरा स्थित एक निजी अस्पताल में वह भर्ती है। घटना सकरा थाना क्षेत्र के बगाही इलाके की है। सूचना मिलने पर ब्रह्मपुरा थाने की पुलिस ने पीडि़ता शमीदा खातून का अस्पताल में बयान दर्ज किया। पीडि़ता ने अपने पति साकिर अंसारी समेत अन्य ससुराल वालों को आरोपित किया है। थानाध्यक्ष अवनीश कुमार ने बताया कि बयान की कॉपी सकरा थाने को भेजी जा रही है।
बताया गया कि 2011 में महिला की शादी हुई थी। शादी के कुछ दिनों बाद आरोपितों ने मायके से 50 हजार रुपये मांग कर देने को कहा। महिला ने मायके वालों को इससे अवगत कराया। आर्थिक तंगी के कारण पैसा देने में उनलोगों ने असमर्थता जाहिर की। तब आरोपित उसे प्रताडि़त करने लगे। किसी तरह वह ससुराल में रहने लगी। इस दौरान उसने तीन बच्चों को जन्म दिया। फिर भी आरोपितों के व्यवहार में बदलाव नहीं आया। हमेशा दहेज के लिए उसे प्रताडि़त करते रहे। इसे लेकर पंचायती भी हुई और बांड पेपर बना। इसके बाद भी आरोपितों ने दहेज देने का दबाव बनाया। इन्कार करने पर पीडि़ता के शरीर पर केरोसिन छिड़क कर आग लगा दी। चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया।