LOVE STORY में गाय की महत्वपूर्ण भूमिका... बिहार की यह घटना आपको कर देगी हैरान
AMAZING LOVE STORY बिहार के मधुबनी जिला अंतर्गत सकरी थाना क्षेत्र से जुड़ा है यह मामला। युवती के स्वजन ने थाना में आवेदन देकर अपहरण की नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। लोगों के बीच पूर्व के प्रेम प्रसंग में घर से भागने की चर्चा।
पंडौल (मधुबनी), संस। बिहार के मधुबनी जिला अंतर्गत सकरी थाना क्षेत्र के एक गांव से प्रेम प्रसंग का रोचक मामला सामने आ रहा है। महत्वपूर्ण यह है कि इसमें गाय का एंगल भी निकल आया है। इसके बाद घटना की खूब चर्चा हो रही है। इंटरनेट मीडिया पर तरह-तरह की टिप्पणियां की जा रही हैं। युवती घर से गाय के लिए चारा लेने के बहाने निकली और लौट कर घर नहीं आई। शाम को जब गाय को चारा नहीं डाला गया तो उसकी खोज शुरू हुई। उसके बाद ही यह प्रेम कहानी सामने आई।
चारा लाने का बहाना कर घर से निकली
सकरी थाना में युवती (20 वर्ष) के स्वजन की ओर से दिए गए आवेदन में कहा गया है कि उसने घरवालों को बताया कि वह गाय के लिए चारा लाने बांध पर जा रही है। इस बात पर घर के लोगों को कोई शक नहीं हुआ। वह बिना किसी परेशानी के घर से निकल गई। सबकुछ सामान्य ही रहा। शाम को जब गाय को चारा डालने का समय आया तो न चारा था और न ही युवती। इसके बाद घर के लोगों को चिंता सताने लगी। युवती को तलाशा जाने लगा। गांव व बांध के पास के खेत से लेकर रिश्तेदार तक। सबसे बात की गई, लेकिन कहीं से कोई भी सुराग हाथ नहीं लगा। इसके बाद ही अपहरण किए जाने की नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
पहले से चल रहा था चक्कर
इस बारे में गांव के लोगों का कुछ और ही कहना है। वे कह रहे कि युवती का पहले से ही प्रेम प्रसंग था। इसकी जानकारी उसके घर के लोगों को भी थी। वह मवेशी के लिए चारा लाने का बहाना करके घर से निकली और फिर अपने प्रेमी के साथ भाग गई। घर के लोग भी शादी की नीयत से अपहरण किए जाने की बात कह रहे हैं। जिसमें उन्होंने रहिका प्रखंड के शिवदत्तपुर निवासी बालेश्वर राम, उनकी पत्नी दया सुंदरी देवी, उसके चारों बेटे परदेसी राम, विदेशी राम, अजीत राम व राकेश शाम को नामजद किया है। इसके साथ ही साथ बलिया नवटोलिया निवासी सुरेश यादव के पुत्र सचिन कुमार यादव का भी नाम दिया है। इस बारे में थानाध्यक्ष अमृत कुमार साह ने कहा कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जा रही है।