Terrorism : गोरखपुर में पांच संदिग्ध देखे जाने के बाद पूरे राज्य में अलर्ट जारी, जानें क्या हो रहे इंतजाम Madhubani News
Terrorism समस्तीपुर रेल मंडल सुरक्षा आयुक्त ने सुरक्षा बढ़ाने का किया आग्रह।गोरखपुर के नकहा जंगल रेलवे क्रासिंग के पास दिखे पांच संदिग्ध।
मधुबनी, जेएनएन। दीपावाली पर देश को दहलाने की आतंकी साजिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। समस्तीपुर रेल मंडल की ओर से इस क्षेत्र में पडऩे वाले जिलों के डीएम, एसपी व एसएसपी को अलर्ट जारी किया है। सुरक्षा आयुक्त ने कहा है कि पिछले दिनों गोरखपुर के नकहा जंगल रेलवे क्रॉसिंग के पास पांच संदिग्ध दिखे थे। इसमें एक को यह कहते हुए सुना गया कि 'इस बार की दीपावली काफी धमाकेदार होगी, हिंदुस्तान देखेगा और याद रहेगा'। रेलवे क्रॉसिंग के पास चार पहिया वाहन का सर्विस सेंटर है। ये आपस में बात करते देखे गए। माना जा रहा है कि ये बिहार या यूपी के किसी सीमावर्ती क्षेत्र में प्रवेश कर गए हैं।
सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण हमले की आशंका अधिक
जारी अलर्ट में कहा गया है कि भारत-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण यहां हमले की अधिक आशंका है। सीमावर्ती क्षेत्र में ही मंडल क्षेत्र के अधिक रेलवे स्टेशन भी हैं। इसे देखते हुए स्टेशनों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। अलर्ट में संदिग्ध लोगों का हुलिया भी जारी किया गया है। पांच में चार की उम्र 35 से 45 के बीच है। इनमें से चार कुर्ता व पायजामा पहने था। एक व्यक्ति कुर्ता व जींस में दिखा। तीन व्यक्ति दाढ़ी रखे हैं। दो क्लीन शेव में है। एक के बाएं गाल में कटे का निशान भी है। यह जानकारी देते हुए सुरक्षा आयुक्त ने निषेधात्मक कार्रवाई का आग्रह किया है।
इन जिलों को किया गया अलर्ट
मधुबनी, समस्तीपुर, सीतामढ़ी, सुपौल, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, बेगूसराय, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, अररिया व बगहा (पुलिस जिला)। इसके अलावा मुजफ्फरपुर व कटिहार रेल पुलिस जिले को भी अलर्ट किया गया है।