विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भारत बौद्धिक परीक्षा के लिए मुजफ्फरपुर में कॉलेज और विवि स्तर पर होगा विद्यार्थियों का पंजीयन

Published: Mon, 19 Oct 2026 03:19 PM (IST)

अखिल भारतीय विश्वविद्यालय संघ (AIU) के निर्देश पर हुई ऑनलाइन समीक्षा बैठक में पंजीकरण प्रक्रिया, शुल्क और पुरस्कारों पर विस्तार से चर्चा की गई।

कॉलेजों के प्राचार्यों ने आयोजन को लेकर पूरी प्रतिबद्धता जताई।

कॉलेजों के प्राचार्यों ने आयोजन को लेकर पूरी प्रतिबद्धता जताई।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। AIU Exam Bihar: 'भारत बौद्धिक परीक्षा 2026' के सफल आयोजन को लेकर रविवार को एक महत्वपूर्ण ऑनलाइन समीक्षा बैठक संपन्न हुई। इसमें 100 से अधिक प्राचार्यों, शिक्षकों और प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

अखिल भारतीय विश्वविद्यालय संघ (AIU) के निर्देश पर आयोजित हो रही इस परीक्षा के लिए मुजफ्फरपुर के महाविद्यालयों और विश्वविद्यालय स्तर पर छात्र-छात्राओं का पंजीयन कराया जाएगा।

संस्थान स्तर पर तय होंगे समन्वयक

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि विद्यार्थियों का रजिस्ट्रेशन संबंधित कॉलेजों में नामित समन्वयकों (Coordinators) के माध्यम से होगा।

समन्वयकों द्वारा सभी पंजीकृत विद्यार्थियों का डेटा व्यवस्थित रूप से संकलित किया जाएगा, जिसे निर्धारित एक्सेल शीट में भरकर संस्थागत स्तर पर आगे भेजा जाएगा। इस परीक्षा में भाग लेने के लिए प्रति छात्र 100 रुपये का पंजीयन शुल्क तय किया गया है।

ऑनलाइन बैठक के दौरान परीक्षा के प्रारूप, आयोजन की संभावित तिथियों, पंजीयन प्रक्रिया, शुल्क और विजेताओं को दिए जाने वाले पुरस्कारों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान के सचिव व परीक्षा समन्वयक डॉ. अमर बहादुर शुक्ला, उत्तर बिहार प्रांत के अध्यक्ष डॉ. रजनीश कुमार गुप्ता एवं सह-सचिव डॉ. ललित किशोर ने परीक्षा के उद्देश्यों और रूपरेखा को सामने रखा।

इस दौरान विभिन्न कॉलेजों के प्राचार्यों ने आयोजन को लेकर पूरी प्रतिबद्धता जताई। बैठक में रामेश्वर सिंह कॉलेज के प्राचार्य डॉ. श्यामल किशोर, एमएसकेबी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राकेश कुमार, डॉ. राकेश कुमार पाल और एनएसएस समन्वयक डॉ. अनुराधा पाठक समेत कई शिक्षाविदों ने अपने सुझाव साझा किए।