विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सीढ़ी के सहारे घर में घुसे डकैत, एयरफोर्स कर्मी की मां को बनाया बंधक; मुजफ्फरपुर में 30 लाख से अधिक की चोरी

Published: Sat, 27 Jun 2026 11:17 PM (IST)Updated: Sun, 28 Jun 2026 05:19 AM (IST)

मुजफ्फरपुर के औराई स्थित राजखंड गांव में वायुसैनिक के घर भीषण डकैती हुई।

बंधक बना चोरी। (जागरण)

बंधक बना चोरी। (जागरण)

HighLights

  1. वायुसैनिक के घर राजखंड गांव में डकैती हुई।

  2. बुजुर्ग मां को बंधक बनाकर 30 लाख लूटे गए।

  3. बदमाशों ने 70 हजार नकद, सोना-चांदी लूटा।

संवाद सहयोगी, औराई (मुजफ्फरपुर)। थाना क्षेत्र के राजखंड गांव में शुक्रवार की रात हथियारबंद बदमाशों ने वायुसैनिक के घर डाका डाला।

सीढ़ी से होकर घर में घुसे बदमाशों ने बंदूक का भय दिखाते हुए आंखों पर पट्टी व रस्सी से वायुसैनिक की बुजुर्ग मां के हाथ-पैर बांध 70 हजार रुपये नकद समेत 30 लाख से अधिक की संपत्ति लूटकर ले गए।

मामले में वायुसैनिक के पिता सेवानिवृत्त शिक्षक शंकर दयाल (62) ने पुलिस को बताया है कि शुक्रवार की रात वह दरवाजे पर सोए थे।

रात्रि करीब साढ़े 12 बजे सीढ़ी के सहारे चार-पांच की संख्या में घर में घुसे बदमाशों ने उनकी पत्नी सुनीता देवी (61) को बंदूक का भय दिखाते हुए बंधक बना लिया।

भयभीत पत्नी के मुंह से सारी जानकारी उगलवाने के बाद बदमाशों ने आलमारी और ट्रंक तोड़कर करीब 200 ग्राम सोना और एक किलो चांदी के आभूषण, 70 हजार नकद, एक मोबाइल, बैंक पासबुक, चेक बुक, एटीएम कार्ड व अन्य कागजात लूट लिए।

लगभग दो घंटे तक लूटपाट के बाद रात करीब ढाई बजे सभी बदमाश बाहर से दरवाजा बंद कर भाग गए। सेवानिवृत्त शिक्षक ने पुलिस को बताया है कि पत्नी किसी तरह बंधन खोलकर चिल्लाई, तब उन्हें घटना की जानकारी मिली।

वह रिटायर्ड प्रधानाध्यापक हैं। घर में सिर्फ वे और उनकी पत्नी रहती हैं। बड़ा बेटा राजस्थान में एयरफोर्स और छोटा पुत्र रायपुर, छत्तीसगढ़ में नौकरी में हैं।

यह भी पढ़ें- दो दिन पहले हुआ था विवाद, मुहर्रम जुलूस के दौरान समस्तीपुर में युवक की चाकू मारकर हत्या

आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करते हुए छानबीन शुरू कर दी गई है। मोबाइल ट्रैकिंग के जरिए लुटेरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के सीसीटीवी भी खंगाले जा रहे हैं।

-

सुनील कुमार, थानाध्यक्ष, औराई।